रायपुर

आज मानसून के रायपुर पहुंचने की है उम्मीद, मौसम विभाग ने कहा – होगी भारी बारिश

जिन इलाको में मानसून पहुंच चुका है, वहां कभी भारी तो कभी हल्की बारिश लगातार हो रही है।
1 minute read
Jun 12, 2018
monsoon
आज मानसून के रायपुर पहुंचने की है उम्मीद, मौसम विभाग ने कहा - होगी भारी बारिश

रायपुर . छत्तीसगढ़ में मानूसन प्रदेश के आधे हिस्से में फैल चुका है। जिन इलाको में मानसून पहुंच चुका है, वहां कभी भारी तो कभी हल्की बारिश लगातार हो रही है। मानसून ने दुर्ग में दस्तक दे दी है।राजधानी में सोमवार को सुबह से दोपहर दो बजे तक हल्के बादल छाए रहे। धूप भी खिली रही। इससे उसम रही। दोपहर ढाई बजे के बाद मौसम अचानक बदला। देखते ही देखते काले बादल छा गए और तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी। करीब पौन घंटे तक हुई बारिश से शहर तरबतर हो गया।

मौसम विभाग ने 30 मिमी बारिश दर्ज की है। एक-दो घंटे तक बारिश थमने के बाद शाम को छह बजे के बाद फिर से तेज हवा के साथ मध्यम बारिश होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार मानसून दुर्ग में पहुंच चुका है। इसके मंगलवार की सुबह तक रायपुर पहुंचने की संभावना है। अभी जो बारिश हो रही है, वह प्री-मानसून बारिश है।

मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका बिहार एवं उसके आसपास क्षेत्र में समुद्री तल से 1.5 किमी ऊंचाई तक स्थित है। इस कारण से मंगलवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। इसके अलावा दक्षिणी भाग में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। राजधानी में आकाश सामान्यत: मेघमय रहेगा तथा अपरान्ह या शाम को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहेगा।

प्रतापपुर में 15 सेमी, सुकुमा में 12 सेमी, सरायपाली में 5 सेमी, मनेन्द्रग्रढ़ में 4 सेमी, पेंड्रारोड, भरतपुर में 3 - 3 सेमी, पेंडरा, रायगढ़, बीजापुर, बैकुंठपुर, सूरजपुर, भोपालपट्टनम में 2 -2 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अनके स्थानों पर एक-एक सेमी बारिश हुई।

Published on:
12 Jun 2018 12:21 pm