
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जिला जेल पहुंचे। यहां वह पूर्व मंत्री आजम खान से मुलाकात करेंगे। जेल के भीतर वह दोपहर करीब 1:42 बजे गए। आजम के छोटे बेटे अदीब आजम उनके साथ थे। जेल की मुलाकात के बाद अखिलेश आजम के आवास पर भी जाएंगे।
हेलीपैड पर परिवार और सपाइयों ने किया स्वागत
अखिलेश यादव करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से रामपुर पहुंचे, जो जौहर विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरा। वहां आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अदीब ने उनका स्वागत किया। सपा के जिलाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद अखिलेश कार से जेल के लिए रवाना हुए।
एक साल में तीसरी मुलाकात
एक साल के भीतर अखिलेश की आजम खान से यह तीसरी मुलाकात है। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को वह रामपुर जाकर आजम से मिले थे। इसके बाद 7 नवंबर 2025 को आजम खान उनसे मिलने लखनऊ पहुंचे थे। करीब दो महीने पहले सपा नेता शिवपाल यादव ने भी जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। इसके बाद वह आजम के घर पहुंचे और तंजीन फातिमा से भी मिले थे।
सात साल की सजा, हाईकोर्ट में अपील
आजम खान 17 नवंबर 2025 से अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ रामपुर जेल में हैं। मामला पैन कार्ड से जुड़ा है, जिसमें एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने पिता-पुत्र दोनों को सात-सात साल कैद की सजा सुनाई थी। आजम ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की है।
खबर अपडेट की जा रही है....