शादी पर दूल्हे ने दुल्हन को दिया ऐसा तोहफा, पूरी जिंदगी रहेगा याद....
रतलाम. हर किसी का सपना होता है कि वो अपनी शादी को यादगार बनाए इसलिए हर कोई अपनी शादी के लिए कुछ न कुछ खास प्लान जरुर करता है। कई बार शादी को खास बनाने के लिए किया गया अनूठा प्रयास लोगों को काफी पसंद भी आता है और उसकी जमकर चर्चा भी होती है। ऐसी ही एक मामला रतलाम के आलोट में सामने आया है। जहां दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन को हवा में उड़ाकर अपने साथ ससुराल लेकर आया। हेलीकॉप्टर से आई बारात और फिर हेलीकॉप्टर से ही दुल्हन की विदाई होने वाली इस शादी की चर्चा रतलाम जिले में अब जोरों पर हो रही है।
हेलीकॉप्टर से दुल्हनिया ले उड़ा दूल्हा
आलोट के महेन्द्र राठौड़ और रेवास गांव की रहने वाली किरण राठौड़ की शादी इन दिनों रतलाम जिले में चर्चाओं का विषय बनी हुई है। चर्चाओं का कारण शादी के बाद दुल्हन की हेलीकॉप्टर से विदाई है। सोमवार को महेन्द्र और किरण की शादी की जावरा में पूरे रस्मों रिवाज के साथ हुई। जिसके बाद दूल्हा दुल्हन बंजली हवाई पट्टी के लिए रवाना हुए जहां पहले से ही एक हेलीकॉप्टर दोनों के इंतजार में खड़ा हुआ था। हवाई पट्टी पर ही दुल्हन किरण की विदाई की रस्म हुई और फिर दूल्हा बने महेन्द्र ने दुल्हन किरण का हाथ थामा और फिर हेलीकॉप्टर में बिठाकर हवा में उड़ाकर अपने घर आलोट ले गया।
महेन्द्र के बचपन का सपना था
दूल्हे महेन्द्र ने बताया कि उनका बचपन से ही सपना था कि वो अपनी शादी के बाद पहली बार दुल्हन को हेलीकॉप्टर में बिठाकर अपने घर लाएं। जब शादी पक्की हुई तो उन्होंने माता-पिता को इसके बारे में बताया माता-पिता ने भी बेटे की इच्छा का ध्यान रखते हुए दुल्हन किरण व उसके माता-पिता से इसके बारे में बात की। जिसके बाद बनी रजामंदी के बाद मध्यमवर्गीय परिवारों के बीच हुई ये शादी यादगार बन गई। एक तरफ जहां महेन्द्र का हेलीकॉप्टर से दुल्हन लाने का सपना पूरा हुआ तो वहीं दूसरी तरफ दुल्हन किरण भी अपनी विदाई हेलीकॉप्टर में होने से काफी खुश थीं उन्होंने कहा कि उनने कभी नहीं सोचा था कि हेलीकॉप्टर में बैठकर उनकी विदाई होगी। उन्होंने आगे कहा कि पति से शादी में उन्हें ये शानदार तोहफा मिला है।