
इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर में एक पति ने अपनी पत्नी पर खौलता हुआ दूध उड़ेल दिया। गर्म दूध से पत्नी गंभीर रुप से झुलस गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शहर के निपानिया कांकड इलाके की है। आरोपी पति शराब पीने का आदी है जो आए दिन शराब के नशे में पत्नी से विवाद करता था। घटना को अंजाम देकर आरोपी पति फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरु कर दी है।
शराब पीकर आया तो पत्नी ने नहीं खोला दरवाजा
घटना शहर के निपानिया कांकड की है जहां रहने वाली 33 वर्षीय महिला को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे उसके भाई ने महिला के पति यानी अपने जीजा पर ही बहन को गर्म दूध से जलाने के आरोप लगाए हैं। भाई ने बताया कि जीजा शराब पीने का आदी है और आए दिन शराब पीकर विवाद करता है। सोमवार की रात भी जीजा शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। पति को शराब के नशे में धुत देख पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला।
किचिन के पास छिपकर खड़ा था शराबी पति
पत्नी के दरवाजा न खोलने से बौखलाया शराबी पति घर के किचिन की खिड़की के पास खड़ा था। पत्नी जैसे ही किचिन में पहुंची तभी मौका पाकर आरोपी पति ने खौलता हुआ दूध पत्नी पर उड़ेल दिया। गर्म दूध गिरने से पत्नी की चीख निकल पड़ी जिसे सुनकर उसके बच्चे मौके पर पहुंचे और फिर रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी। गंभीर हालत में परिजन महिला को लेकर पास के अस्पताल पहुंचे जहां से उसे एमवाय रेफर कर दिया गया।
बच्चे बोले- सोचा नहीं था पिता ऐसा करेंगे
पीड़िता के तीन बच्चे हैं जिनमें दो बेटियां व एक बेटा शामिल है। बेटा सबसे बड़ा है उसने भी पिता से जान का खतरा बताया है, उसका कहना है कि पुलिस जब तक पिता को नहीं पकड़ लेती उसकी व बहनों की जान खतरे में है। वहीं बेटियों का कहना है कि पिता इतने क्रूर होंगे ये कभी सोचा नहीं था। बेटियों ने अब कभी पिता का चेहरा न देखने की बात कही है।
Published on:
05 Apr 2022 03:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
