रीवा

प्रदेश सरकार उठाएगी छात्रों की पढ़ाई का पूरा खर्च, सभी जिले से छात्र-छात्राओं का हुआ चयन

जारी की गई सूची...
2 min read
• •
Updated: 24 Jul 2018, 10:26 PM IST
16 students selected of Rewa for Super 100 plan for school
16 students selected of Rewa for Super 100 plan for school

रीवा। सुपर 100 योजना के तहत छात्र-छात्राओं को भोपाल व इंदौर के स्कूल में पढ़ाई का मौका दिए जाने के बावत आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा के आधार पर प्रवेश के लिए यहां जिले से १६ छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। चयनितों में गणित संकाय में सात, विज्ञान में छह व वाणिज्य में तीन छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

भोपाल व इंदौर में स्थित हैं आवासीय विद्यालय
शासन स्तर से शुरू योजना के तहत हाइस्कूल उत्तीर्ण इन सभी छात्र-छात्राओं को भोपाल के शासकीय उत्कृष्ट सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व इंदौर के शासकीय मल्हार आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हायर सेकंडरी की पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। पढ़ाई के दौरान छात्रों को कोचिंग सहित सारी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। दोनों ही विद्यालय आवासीय हैं।

इंजीनियरिंग, मेडिकल व सीए की दी जाएगी कोचिंग
योजना के तहत हायर सेकंडरी की पढ़ाई के साथ गणित के छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग की, जीवविज्ञान के छात्र-छात्राओं को मेडिकल की व वाणिज्य के छात्र-छात्राओं को चार्टर्ड एकाउंटेंट की परीक्षा के लिए कोचिंग दी जाएगी। गौरतलब है कि भोपाल व इंदौर के स्कूलों में प्रवेश के लिए पहली बार प्रवेश परीक्षा कराई गई है, जिससे यहां के १६ छात्र-छात्राओं को मौका मिला है।

अब तक केवल छह छात्र-छात्राओं का होता रहा है चयन
जबकि गत वर्षों में माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाइस्कूल की बोर्ड परीक्षा के आधार पर मेरिट के जरिए हर संकाय से दो-दो यानी कुल छह छात्र-छात्राओं का चयन होता रहा है। जारी निर्देशों के अनुरूप छात्र-छात्राओं को भोपाल व इंदौर स्थित आवंटित विद्यालय में 30 जुलाई से पहले प्रस्तुत होना है।

शाउमावि कन्या डभौरा की तीन छात्राएं
चयनितों में वैसे तो सबसे अधिक छात्र-छात्राएं शासकीय उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय मार्तण्ड क्रमांक एक की है। लेकिन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभौरा की एक साथ तीन छात्राओं ने चयनित होकर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मार्तण्ड एक से आठ छात्र-छात्राएं हैं। आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीवा से चार छात्र-छात्राएं व एक-एक छात्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनवार व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवतालाब से हैं।

चयनितों में यह हैं शामिल
शाउमावि कन्या डभौरा से दिव्यांशिका अहिरवार, अनामिका तिवारी व निशी केसरवानी शामिल हैं। शाउमावि मार्तण्ड एक से शिवानी मिश्रा, शाहिल कुशवाहा, उन्नति सिंह, सार्थक शुक्ला, शिवालिका श्रीवास्तव, विपुल कुमार पटेल व प्रिया सिंह शामिल है। मॉडल स्कूल रीवा से प्रियेश शुक्ला, दिव्यांशु शशांक सोनी, नितेश तिवारी, उत्सव उपाध्याय शामिल हैं। जबकि शाउमावि पनवार से उदय नारायण साहू व शाउमावि देवतालाब से अमन पटेल चयनित हुए हैं।

Published on: