रीवा

रीवा में निकली साईं शोभायात्रा, आस्था का उमड़ा सैलाब

सड़कें हो गई जाम, मकानों से बरसे पुष्प, लगे साईं के जयकारे
2 min read
• •
Updated: 29 Jul 2018, 2:36 PM IST
Sai Shobhayatra, which came out in Rewa,
Sai Shobhayatra, which came out in Rewa,

रीवा। जब तक धरती ये जहान रहे...साईं बाबा तेरा नाम रहे, साईंनाथ तेरे हजारों नाम...,जपते ही बन जाते हैं सारे बिगड़े काम... साईं जी की निकली सवारी...जैसे भक्तिमय गीतों के बीच शनिवार को शहर में बड़े ही धूमधाम से साईं बाबा की शोभायात्रा निकली। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से सड़कें जाम हो गईं। मकानों से शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की गई तो गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे।


साईं शोभायात्रा का शुभारंभ साईं संस्थान से दोपहर 3 बजे हुआ। बैंडबाजे की अगुवाई में शोभायात्रा आगे बढ़ी। लाल रंग की साड़ी पहने महिलाओं, नौजवानों और बुुजुर्गों की टोली शामिल रही। शोभायात्रा में रथ पर साईं बाबा की पालकी देखते ही बनी। ट्रकों पर गणेश भगवान सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। तोप की सलामी देख सड़क पर लोग बरबस ही रुक जाते। कोठी कंपाउंड से निकली शोभायात्रा, शिल्पी प्लाजा मार्ग होते हुए प्रकाश चौक पहुंची। यहां से अस्पताल चौराहा होते हुए सिरमौर चौक, फिर कॉलेज चौराहा होते हुए जय स्तंभ, स्टेच्यू चौराहा होते हुए साईं संस्थान पहुंची। करीब छह घंटे की शोभायात्रा से शहर कुछ पल के लिए साईं की भक्ति में डूब गया। इससे पहले साईं दरबार में भव्य आरती का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थिति हुए। शिर्डी साईं सेवा संस्थान के अध्यक्ष अजय धमीजा, पुजारी मनसुख लाल वर्मा ने बताया कि गुरु पुर्णिता महोत्सव कई सालों से साईं संस्थान मना रहा है। इस अवसर पर शोभायात्रा निकालने की परंपरा है। महोत्सव का उद्देश्य सद्गुरु के प्रति समर्पण और समाज को एकता का पैगाम देना है। साईं कहते थे कि सबका मालिक एक है। समाज सही दिशा में चले यही संदेश दिया गया है।


छतों से श्रद्धालुओं ने बरसाए पुष्प
शोभायात्रा अस्पताल चौराहे से सिरमौर चौराहे की ओर बढ़ी तो गल्लामंडी के पास श्रद्धालुओं ने छतों से पुष्पवर्षा की। आकर्षण झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा के दौरान साईं बाबा और पादुका के दर्शन स्पर्श करने की होड़ सी लग गई। यह नजारा व्यंकट मार्ग पर फिर दोहराया गया।


जगह-जगह बंटा कढ़ी-चावल प्रसाद
शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। डीजे लगाकर साईं धुन के साथ शोभायात्रा का इंतजार करते रहे जैसे ही पहुंची वैसे कढ़ी-चावल का प्रसाद बंाटा गया। प्रसाद चखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। गल्लामंडी, शिल्पी प्लाजा मार्ग, व्यंकट मार्ग पर भंडारे के आयोजन हुए। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


कलाकारों के नृत्य ने मोहा सबका मन
साईं शोभायात्रा के दौरान कलाकारों के नृत्य ने मन मोह लिया। भक्ति गीतों की धुन पर थिरकते कलाकारों पर बरबस ही लोगों की नजर चली जाती। उनके साथ श्रद्धालू भी झूमने लगते। यह सिलसिला पूरी यात्रा के दौरान बना रहा।


जिस ओर से निकले, थम गया आवागमन
शोभायात्रा इतनी लंबी थी कि जिस मार्ग से गुजरती आवागमन बाधित हो जाता। टै्रफिक के जवान भी खड़े होकर साईं शोभायात्रा की एक झलक लेने लगते। शहर का यातायात दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक अपने आप रेंगता रहा। साईं के दर्शनों को लोग वाहन सड़क किनारे खड़े कर एकत्र रहे।

Published on: