सागर

रेलवे भूमि प्रबंधन में डिजिटल क्रांति: रेल भूमि पोर्टल से एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी

भूमि अधिग्रहण, परियोजना प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया हुई ऑनलाइन, अब रेलवे की भूमि से संबंधित रिकॉर्ड, अधिग्रहण, स्वामित्व, उपयोग, परियोजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी
2 min read
Jul 17, 2026
Digital Revolution in Railway Land Management: Complete Information Available with a Single Click on the Rail Land Portal
फोटो-एआई

बीना. रेलवे ने भूमि प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेल भूमि पोर्टल लांच किया है। इस पोर्टल के माध्यम से अब रेलवे की सभी भूमि से संबंधित रिकॉर्ड, अधिग्रहण, स्वामित्व, उपयोग, परियोजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इससे न केवल रेलवे अधिकारियों के लिए काम आसान होगा, बल्कि भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
दरअसल रेलवे देशभर में फैली अपनी भूमि संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए लगातार डिजिटल तकनीकों का उपयोग बढ़ा रही है। इसी कड़ी में रेल भूमि पोर्टल विकसित किया गया है, जिसे क्रिस (सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम) ने तैयार किया है। यह पोर्टल रेलवे की भूमि से जुड़ी सभी जानकारियों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा।

भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी तरह
अब रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अधिग्रहण की प्रत्येक चरण की निगरानी डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे फाइलों की आवाजाही कम होगी, समय की बचत होगी और अनावश्यक देरी पर रोक लगेगी।

रेलवे निर्माण के नए अनुबंध नियम लागू
रेलवे ने निर्माण परियोजनाओं को गति देने के लिए नए कॉन्ट्रैक्ट नियम लागू किए हैं। इससे ठेकेदारों की जवाबदेही बढ़ेगी, कार्यों की नियमित निगरानी होगी और परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने में सहायता मिलेगी।

प्रोजेक्ट की रियल-टाइम मॉनिटरिंग
पोर्टल के माध्यम से अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना की प्रगति, भूमि उपलब्धता, अधिग्रहण की स्थिति और निर्माण कार्य की जानकारी रियल-टाइम में मिलेगी, इससे किसी भी समस्या का तुरंत समाधान कर परियोजनाओं में तेजी लाई जा सकेगी।

एक प्लेटफॉर्म पर पूरी भूमि की जानकारी
देशभर में उपलब्ध रेलवे की भूमि का डिजिटल रिकॉर्ड एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा, इसमें भूमि का स्थान, क्षेत्रफल, स्वामित्व, वर्तमान उपयोग और अधिग्रहण की स्थिति जैसी जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज रहेगी।

अन्य रेलवे सिस्टम से रहेगा जुड़ा
यह पोर्टल आईआरपीएसएम, आईपीएएस और एचआरएमएस जैसे रेलवे के प्रमुख डिजिटल सिस्टम से जुड़ा रहेगा। इससे सभी विभागों के बीच डेटा साझा करना आसान होगा और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। रेलवे का मानना है कि रेल भूमि पोर्टल से रेलवे की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Updated on:
17 Jul 2026 12:04 pm
Published on:
17 Jul 2026 12:04 pm