खाकी पर भारी पड़ी खादी: मैहर विधायक व एएसआइ के बीच विवाद, उचेहरा फाटक पर 6 घंटे जाम, विधायक को नहीं पहचान पाया पुलिसकर्मी
सतना। उचेहरा रेलवे फाटक के पश्चिमी छोर पर बुधवार की दोपहर करीब एक बजे एक डंपर के खराब हो जाने से जाम लग गया। देखते-ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब 5-6 किमी. वाहनों की कतार लग गई। यह स्थिति शाम सात बजे के लगभग तक बनी रही। उसी दौरान विधायक नारायण त्रिपाठी भी फंस गए। जब उनका चालक वाहन आगे लेकर जाने लगा तो ड्यूटी पर तैनात एएसआइ सीएल सिंह ने उनके वाहन को रोक दिया। इससे एएसआइ और विधायक में विवाद हो गया।
ये है मामला
आरोप है कि नाराज विधायक एएसआइ को अपनी गाड़ी में जबरिया बैठकर मौके से लेकर चले गए। जब रास्ते में एएसआइ ने माफी मांगी, तो उसे छोड़ा गया। बताया गया, उचेहरा रेलवे फाटक पर बुधवार की दोपहर जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक-एक वाहन को निकालना शुरू किया। उसी दौरान विधायक नारायण त्रिपाठी मैहर की ओर से सतना की ओर आ रहे थे। उचेहरा के बउली चौराहा के पास एएसआइ सीएल सिंह जाम खुलवाने के लिए वाहनों को एक कतार में खड़ा करवा रहे थे। वे विधायक को पहचानते नहीं थे। विधायक का वाहन रोकते हुए कतार में जाने को कहा।
एएसआइ के साथ झूमाझटकी
पहले उनके साथ गाड़ी में मौजूद कर्मी नीचे उतरे, बाद में विधायक नीचे उतरे और उससे बातचीत करने लगे। मौके पर भीड़ जुट गई। स्थिति बिगड़ती तो कुछ देर बाद विधायक समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ गया। आरोप है, एएसआइ के साथ झूमाझटकी तक हुई। यह देख स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और विधायक को गलत बताने लगे। कहा, पुलिसकर्मी तो अच्छा काम कर रहा है। आप उससे दुव्र्यवहार कर रहे हैं। तब विधायक ने कहा कि ये शराब पिये हुए हैं। मेडिकल कराने की बात कहते हुए विधायक ने जबरिया उसे अपने वाहन में बैठा लिया। जब एएसआइ ने विधायक से माफी मांगी, तो उसे थाने के सामने छोड़कर आगे बढ़ गए।
एक बजे से शाम सात बजे तक रेंगते रहे वाहन
बुधवार की दोपहर मैहर से सतना की ओर आ रहा एक डंपर उचेहरा रेलवे फाटक के थोड़ा पहले बंद हो गया। जब डंपर स्टार्ट नहीं हुआ, तो चालक नीचे उतरा और जांच कर रहा था। लेकिन जाम लगने लगा, तभी कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इससे घबराया चालक वाहन छोड़कर भाग गया। इधर, लगातार पीछे वाहन आकर खड़े होते रहे। तभी रेल क्रासिंग के दौरान फाटक बंद हुआ और आगे निकलने की होड़ में जाम की स्थितियां बन गईं। नतीजा, कुछ ही देर में जाम की स्थिति बन गई। दोपहर एक बजे से यहां पूरी तरह जाम लग गया और देर शाम ७ बजे तक यातायात बहाल हो सका। इस दौरान सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
मैं जब उचेहरा से गुजर रहा था, तभी देखा कि पुलिसकर्मी दुकान के सामने हंगामा मचा रहा है। तब वाहन रोका तो दुकानदारों ने शिकायत की। बताया कि यह शराब पिये है और परेशान कर रहा है। मेडिकल कराने के लिए उसे गाड़ी में बैठा लिया। हालांकि उसके द्वारा माफी मांगने पर थाने के सामने छोड़ दिया।
नारायण त्रिपाठी, विधायक मैहर
मैं शराब नहीं पीता हूं। फाटक पर ड्यूटी के दौरान भी ऐसा नहीं हुआ था। मैं वाहन कतार में लगवा रहा था। इसी दौरान मैहर विधायक आए और अपने साथ बैठाकर ले गए। वे मुझे थाने के सामने छोड़कर लौट गए।
सीएल सिंह, एएसआइ, उचेहरा थाना