सतना

मप्र-उप्र पुलिस की डकैतों से मुठभेड़: दो राज्यों की पुलिस को फिर चकमा दे गया डकैत बबुली

असलहों के साथ पकड़े गए चार बदमाश

2 min read
Nov 19, 2018
Mp police encounter dacoits: Police of two states again dodged Dacoit

सतना. मप्र और उप्र के जंगलों में रहकर आतंक का पर्याय बना साढ़े पांच लाख रुपए का इनामी डकैत बबुली कोल दोनों राज्यों की पुलिस को फिर चकमा दे गया। हालांकि पुलिस ने चारों ओर से दस्यु दल को घेर लिया था पर पुलिस पर गोलियां दागते हुए बबुली अपने राइट हैंड लवलेश कोल और बाकी डकैतों के साथ भागने में सफल रहा। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में गोली लगने से जख्मी दो डकैतों के साथ भगने के दौरान पहाड़ी से गिरकर घायल हुए दो बदमाश पकड़े गए हैं। इन चारों का पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है।

ताबड़तोड़ चलीं गोलियां
मप्र में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उप्र और मप्र पुलिस की संयुक्त टीमें सीमाई इलाकों में लगातार नजर बनाए हैं। जब दोनों राज्यों की पुलिस शुक्रवार की शाम करीब सवा 5 बजे मारकुंडी के नजदीक भवानीखेड़ा से लगे जंगल में पहुंची तो आहट पाकर डकैतों ने गोली चला दी। अपना बचाव करते हुए पुलिस टीमों ने डकैतों को ललकारते हुए फायर खोल दिया। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी दस्यु सरगना हाथ नहीं आ सका। शाम साढ़े ५ बजे से साढ़े ६ बजे तक डकैत और पुलिस के बीच जबावी फायर हुए और इस दौरान दस्यु सरगना हार्डकोर मेंबर के साथ भाग निकला।

ये भी पढ़ें

जनपद सीइओ और एफएसटी टीम पर कार्रवाई के लिए प्रेक्षक ने दिए निर्देश

जख्मी हाल मिले डकैत
उप्र पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के बाद जब कॉम्बिंग और सर्चिंग की जा रही थी तभी दस्यु दल का सदस्य लवकुश पुत्र चुन्ना (23) व अमित उर्फ लल्ला पुत्र सुन्दर (35) निवासी डोडामाफी घायल मिले। इन्हें मुठभेड़ में गोली लगी थी। इसी तरह मुन्ना पुत्र ददुआ (32) व लंगड़ा पुत्र पंचा (50) निवासी डोडामाफी थाना मार कुण्डी मुठभेड़ के वक्त भागते समय पहाड़ से गिरकर घायल हो गए थे।

बबुली-लवलेश को लगी गोली
दोनों राज्यों की पुलिस मान रही है कि गोली लगने से दस्यु सरगना बबुली और गिरोह का हार्ड कोर मेंबर लवलेश जख्मी हुए हैं। इसके साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गोली लगना बताया जा रहा है। लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस अधिकारी नहीं कर रहे हैं। आशंका के चलते जंगल के बाहरी इलाकों में पुलिस लगातार सर्चिंग कर रही है। ताकि किसी तरह की बाहरी मदद डकैतों को नहीं मिल सके।

आइजी को मिली थी खबर
सूत्रों के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन उमेश जोगा को खबर मिली थी कि लखनपुर के जंगल में डकैत बबुली कोल ने गिरोह के साथ डेरा जमा रखा है। सूचना पाते ही दस्य उन्मूलन अभियान में जुटे पुलिस अफसरों की टीम रवाना की गई। इस टीम ने मारकुण्डी थाना पुलिस से संपर्क साधा और फिर साझा रणनीति के तहत दोनों राज्यों की पुलिस डकैतों को घेरने पहुंची।

बबुली बोला, को आय
पुलिस डकैतों के इतने नजदीक पहुंच चुकी थी कि बबुली ने आहट पाकर जब कहा को आय तो पुलिस के कानों तक आवाज पहुंच गई। बबुली ने दो मर्तबा यही कहा। इस बीच लवलेश बोला लवकुश होई। पुलिस का एक कदम आगे बढ़ा ही था कि अचानक डकैतों ने गोली चला दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और और बचाव में गोली चलाई। मुठभेड़ के बाद इलाहाबद से एडीजी कानून व्यवस्था बीएन सावत, डीआईजी बांदा मनोज तिवारी, एसपी चित्रकूट मनोज झा, एसपी सतना संतोष सिंह गौर, एसडीओपी नयागांव परमाल सिंह मेहरा भी मौके पर पहुंचे। जहां आगे की रणनीति तय करते हुए पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया है।

ये भी पढ़ें

शराब के नशे में प्रशिक्षण लेने पहुंचा मतदानकर्मी शिक्षक निलंबित
Published on:
19 Nov 2018 02:13 am
Also Read
View All