सतना

लुटेरों ने ट्रक चालकों को लूटा, कंडक्टर पर किए चाकू से हमला

मैहर से अमदरा के बीच ट्रकों को बनाया शिकार
less than 1 minute read
Nov 15, 2018
Loot in azamgarh
आजमगढ़ में लूट

सतना. सीमेंट फैक्ट्री से निकलने वाले ट्रकों का पीछा करते हुए बाइक सवार लुटेरों ने चालकों को लूट लिया। जब एक ट्रक चालक ने विरोध किया तो उस पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। मंगलवार की रात मैहर से अमदरा के बीच हुई इन वारदातों की खबर पाते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर दौड़ी। साथ ही इलाके में पुलिस बल को सतर्क करते हुए लुटेरों की तलाश में लगाया गया। इधर जख्मी ट्रक कंडक्टर को अस्पताल में दाखिल कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। बुधवार की देररात अमदरा थाना पुलिस ने बदमाशों का सुराग लगाते हुए उनकी घेराबंदी शुरू कर दी थी।

जिले में लुटेरों का आतंक
सूत्रों के अनुसार, केजेएस सीमेंट फैक्ट्री से कटनी के लिए लोड होकर निकले एक ट्रक को रात करीब साढ़े ८ बजे दो बाइक पर सवार 4 से 5 की संख्या में आए बदमाशों ने रोक लिया। मैहर क्षेत्र में पोड़ी गांव के पास ट्रक रुकते ही इसके चालक व खलासी को बदमाशों ने धमकी देकर लूट लिया। इसके बाद बदमाश अमदरा इलाके में परसवारा गांव के नजदीक पहुंचे। वहां ट्रक रोकते हुए चाकू की नोंक पर चालक को फिर लूटा।

लुटेरों में पुलिस का नहीं रहा खौफ
इसके पीछे आ रहे दूसरे ट्रक के चालक को लूटने के बाद जब खलासी भोले शंकर मिश्रा को लूटने की कोशिश की तो उसने बचाव में संघर्ष किया। इस दौरान बदमाशों ने उसे हाथ पैर में तीन जगह चाकू मार दिया। कंडक्टर के जख्मी होते ही बदमाश भाग निकले। अमदरा थाना प्रभारी निरीक्षक शंखधर द्विवेदी ने बताया कि आइपीसी की धारा ३९४ के तहत अपराध कायम कर बदमाशों को चिह्नित कर लिया है। उनकी तलाश में दबिश जारी है।

Published on:
15 Nov 2018 06:17 pm