सतना

मध्य प्रदेश में रेलवे ट्रैक पर पानी ही पानी, कई राज्यों की ट्रेनें थमीं

satna chitrakoot floods- मध्यप्रदेश में लगातार बारिश से सतना जिले के रेलवे ट्रैक पर पानी आने से एक दर्जन ट्रेनों के पहिए थम गए हैं...। यात्री परेशान हो रहे हैं...।
2 min read
Aug 29, 2026
Satna Floods News
Satna Floods News- सतना जिले में चितहरा के पास पानी से भरे ट्रैक पर खड़ी गोदान एक्सप्रेस। (फोटो- पत्रिका)

Satna Floods News- मध्यप्रदेश के सतना जिले में आई भारी बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के इस पार यानी मध्यप्रदेश वाले क्षेत्र में कई कॉलोनियों के मकानों में 6 फीट तक पानी घुस गया है। भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर भी पानी आ जाने से कई यात्री ट्रेनों को अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया है। करीब एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

मध्यप्रदेश के सतना जिले के चितहरा-मझगंवा स्टेशन और खुटहा स्टेशन तक रेलवे ट्रैक पर पानी का तेज बहाव है। इस कारण चार घंटे से ट्रेनें रेलवे स्टेशनों पर खड़ी है। मध्यप्रदेश से लगे कई राज्यों के यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। वे रास्ते में ही फंस गए हैं। रेलवे के मुताबिक जिन इलाकों में ट्रैक पर पानी है, वो जल्द ही चालू हो जाएंगे। सतना जिले से लगे चित्रकूट में मंदाकिनी, बरदहा और वाल्मीकि नदी के साथ ही छोटे-बड़े नाले उफान पर आने से यह स्थिति बनी है।

सतना जिले में भारी बारिश का असर रेलवे ट्रैक पर भी देखने को मिल रहा है। चित्रकूट के आसपास से गुजरने वाली ट्रेनों को सुरक्षा की दृष्टि से सतना, मानिकपुर और मझगवां स्टेशनों पर ही रोक दिया है। गोदान एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी हैं। यात्री परेशान हो रहे हैं। सरभंगा नदी का पानी रेलवे ट्रैक पर से तेज बहाव से गुजर रहा है। इसे देखते हुए यात्री ट्रेनों का संचालन रोक दिया है। रेलवे ट्रैक पर और ट्रैक के करीब पानी होने के कारण ट्रेनों को 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा है।

चित्रकूट में ज्यादा हालात खराब

चित्रकूट के मध्यप्रदेश वाले हिस्से में भारी बारिश से कई कॉलोनियों में 6 फीट तक पानी भर गया है। NDRF की टीमें तैनात कर दी गई है। प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। हेलिकाप्टर से भी रेस्क्यू किया जा रहा है। अब भी चित्रकूट की कई कॉलोनियों में और निचले इलाके में कई लोग फंसे हुए हैं, उनका रेस्क्यू की प्रक्रिया तेज हो गई है।

ये ट्रेनें हुईं प्रभावित

रेलवे के अनुसार जो ट्रेनें प्रभावित हुई हैं उनके नंबर हैं 19496, 12428, 15017, 11061, 11015, 11274, 15160, 13201, 11103, 22687 और 09344. इनमें रीवा एक्सप्रेस (12428), राजेंद्रनगर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (13201 ), काशी एक्सप्रेस (15017), लोकमान्य तिलक-जयनगर एक्सप्रेस (11061), लोकमान्य तिलक-सहरसा अमृत भारत (11015), प्रयागराज छिवकी-इटारसी एक्सप्रेस (11274 ) और सारनाथ एक्सप्रेस (15160 ) एवं गोदान एक्सप्रेस ट्रेनों के पहिए थम गए हैं। यह ट्रेनें मझगवां-चितहरा रेलखंड से होकर जाती हैं।

कई राज्यों के यात्री परेशान

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के इस रूट से लंबी दूरी की ट्रेनें और कई राज्यों की ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसी स्थिति में इस रेल नेटवर्क के प्रभावित होने से लाखों यात्री प्रभावित होंगे। इस रूट से महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी, झारखंड के गया, पटना, असम, कोलकाता, मध्यप्रदेश के सतना, जबलपुर, इटारसी, नागपुर समेत रास्ते में आने वाले कई स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

Updated on:
29 Aug 2026 06:26 pm
Published on:
29 Aug 2026 06:05 pm