
chitrakoot mandakini river flood gorgee dam heavy rain, चित्रकूट में बाढ़ की तस्वीर (Source-Patrika)
Chitrakoot Mandakini river flood: मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में भारी बारिश से बाढ़ आ गई है। मंदाकिनी नदी उफान पर है और खतरे के निशान से कई फीट ऊपर उफान मार रही है। मंदाकिनी नदी की बाढ़ के तेज बहाव में रामघाट पर बना पुल टूटकर बह गया है। पूरे चित्रकूट में पानी ही पानी नजर आ रहा है और कई इलाकों में पहली मंजिल तक घर जलमग्न हो गए हैं। घरों में पानी घुसने के बाद लोग घरों की छतों पर फंसे हुए हैं, जिन्हें रेस्क्यू करने का काम किया जा रहा है।
चित्रकूट में पिछले 20 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ ला दी है, गोरगी बांध फूटने से मंदाकिनी नदी उफान पर है और पूरा चित्रकूट भीषण बाढ़ की चपेट में आ गया है। बाढ़ के कारण प्रमुख तीर्थस्थल रामघाट और भारतघाट पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं। 200 से ज्यादा दुकानें पानी में डूब गई हैं। स्थिति इतनी विकराल है कि चित्रकूट की सड़कों पर गाड़ियों के बजाय नावें चल रही हैं। शहर में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। बहाव के प्रचंड वेग से चित्रकूट को नयागांव से छोड़ने वाला 25 फीट ऊंचा बड़ा पुल धराशायी होकर बह गया है। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
चित्रकूट में बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है और पहली मंजिल तक मकान डूब गए हैं। शहर के मुख्य मार्ग पर 5-6 फीट पानी भरा हुआ है। सैकड़ों लोग घरों और होटलों की छतों पर फंसे हुए हैं, जिन्हें बचाने के लिए एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अब तक कई लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है जबकि अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं। एयर सपोर्ट के लिए भी कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने बात की है।
चित्रकूट में बाढ़ के हालात को लेकर सांसद गणेश सिंह ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से बात की है। सांसद ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की मांग की है। सांसद ने चित्रकूट की मौजूदा स्थिति को गंभीर बताते हुए NDRF की टीम के साथ हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है। सांसद गणेश सिंह ने कहा कि चारों तरफ से चित्रकूट का संपर्क टूट गया है, इसलिए प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए हर संभव व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहें और एक-दूसरे की मदद करें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की ओर बिल्कुल न जाएं। सांसद ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
भारी बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग द्वारा सुरक्षा के दृष्टिगत कई प्रमुख जिला एवं ग्रामीण मार्गों पर आवागमन बंद कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कई मुख्य और ग्रामीण सड़कों पर ड्रॉप गेट व बैरिकेड लगाकर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध किया गया है। अवरुद्ध किए गए प्रमुख मार्गों में सतना-अटरा मार्ग, धौरहरा रोड खमरिया मार्ग, पिंडरा-नकैला-बरौंदा-जवारिन मार्ग, बहेरा-करौंदी-सुकवाह मार्ग, जैतवारा-दगड़िया-सुहास मार्ग, और सभापुर से नयागांव मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा, मझगवां-पटना-पहाड़ी खैरा मार्ग, शाहपुर-राजापुर मार्ग, नागौद-कचलोहा मार्ग, टिकुटी-रिमारी-हरिहरपुर मार्ग, दुरेहा-कपूरी मार्ग, सतना-कोटर-अबेर-सेमरिया मार्ग तथा पटना-महतैन-बरौंदा मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा का ध्यान रखें और इन बंद मार्गों की ओर जाने से बचें
Updated on:
29 Aug 2026 04:14 pm
Published on:
29 Aug 2026 04:04 pm
