सवाई माधोपुर

Rajasthan Employees : राजस्थान सहकारी कर्मचारियों की चेतावनी, मांगें नहीं मानी तो 1 जून से फिर होगा कार्य बहिष्कार

Rajasthan Employees : सवाई माधोपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन में मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर एक जून से पुनः कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
2 min read
Rajasthan Cooperative Employees Warning If demands not met work boycott again 1 June
बामनवास. विभिन्न मांगो को लेकर ज्ञापन सौंपते सहकारी समिति कार्मिक। फोटो पत्रिका

Rajasthan Employees : राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति जयपुर के बैनर तले करौली एवं सवाई माधोपुर जिले के पैक्स व्यवस्थापकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर समिति पदाधिकारियों ने सवाई माधोपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौपा। ज्ञापन में मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर एक जून से पुनः कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी दी गई है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 27 फरवरी से 21 अप्रैल 2026 तक राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार किया था।

इस दौरान कर्मचारियों ने पीडीएस, खाद वितरण, कम्प्यूटरीकरण एवं मिनी बैंक जैसे आवश्यक कार्य जारी रखे, बावजूद इसके करौली एवं सवाई माधोपुर जिले के व्यवस्थापकों का वेतन रोक दिया गया। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में फरवरी एवं अप्रेल 2026 तक का वेतन भुगतान किया जा चुका है।

बैंक प्रशासन को वेतन रोकने का अधिकार नहीं, आरोप

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि व्यवस्थापकों का वेतन संबंधित समितियों द्वारा वहन किया जाता है, ऐसे में बैंक प्रशासन को वेतन रोकने का अधिकार नहीं है। साथ ही कार्य बहिष्कार अवधि के दौरान हटाए गए कार्यवाहक पर्यवेक्षकों को तत्काल प्रभाव से पुनः नियुक्त करने की मांग की गई।

समिति ने हिण्डौन सिटी शाखा के शाखा प्रबंधक तुषार खत्री को हटाकर अन्य अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा सहकारी समितियों के सीडी खातों, नरेगा एवं ओलावृष्टि खातों में जमा राशि की एफडीआर समिति के नाम करने, खातों में जोड़े जा रहे एरियर ब्याज को वापस जमा करने तथा समितियों को ब्याज हानि से बचाने की मांग रखी गई।

पदाधिकारियों ने चेतावनी, समाधान नहीं तो बहिष्कार

संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 30 मई तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो एक जून से पुनः समस्त कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन पर राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति सवाई माधोपुर के अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा एवं करौली के जिला अध्यक्ष गजानंद शर्मा सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर रहे।

आज जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा

सवाईमाधोपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मंगलवार को विशेष ग्राम सभा होगी। इन सभाओं में जनहित और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी और आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। ग्राम सभा के दौरान जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो "नल जल मित्रों" का चयन किया जाएगा।

जिन पंचायतों में अब तक चयन नहीं हुआ है, वहां प्रस्ताव पारित कर चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। चयनित नल जल मित्रों का इंद्राज ई-पंचायत पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। ग्राम सभा में स्थानीय विकास, जन सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

Updated on:
26 May 2026 01:42 pm
Published on:
26 May 2026 01:41 pm