
Sehore Hidden Camera in Hospital Wall Clock: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दीवार पर लगी घड़ी में हिडन कैमरा लगा मिलने से पूरे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य केन्द्र की महिला कर्मचारियों ने नाराजगी जताई है और उनका कहना है कि इससे उनकी निजता पर हमला हुआ है। महिला कर्मचारियों ने विभाग के उच्च अधिकारियों और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा से शिकायत कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
सीहोर जिले के बिलकिसगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के एक कमरे में दीवार पर लगी घड़ी में हिडन कैमरा लगा मिला है। घटना 13 अगस्त 2026 की है तब स्वास्थ्य केन्द्र की महिला कर्मचारियों और नर्सिंग स्टाफ की नजर इस हिडन कैमरे पर पड़ी। घड़ी को निकालकर देखा तो उसमें हिडन कैमरा मेमोरी कार्ड के साथ लगा हुआ था। हिडन कैमरा मिलते ही हड़कंप मच गया और महिला स्टाफ ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने इसे अपनी निजता और सुरक्षा पर हमला बताया है।
शिकायत करने के बाद भी जब उच्च अधिकारियों ने इस गंभीर मामले पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से नाराज महिला कर्मचारियों और नर्सिंग स्टाफ ने इछावर विधायक व प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का काफिला रोक लिया। आक्रोशित महिला कर्मचारियों ने मंत्री करण सिंह वर्मा को पूरा मामला बताते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा और दोषी के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मंत्री करण सिंह वर्मा ने भी पीड़ित महिलाकर्मियों को निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के कमरे में लगी घड़ी में हिडन कैमरा किसने लगाया था? इस कैमरे के जरिए किस चीज की रिकॉर्डिंग की जा रही थी? ये वो सवाल हैं जिनके जवाब मिलने बाकी है। सरकारी दफ्तर में इस तरह से हिडन कैमरे का लगा होना कहीं न कहीं वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों की निजता का भी उल्लंघन है। इस मामले पर बीएमओ डॉ. नवीन मेहर ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है और नियमानुसार कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जा रही है। कर्मचारियों ने जब्त संदिग्ध उपकरण पुलिस/प्रशासन को सौंप दिए हैं।