श्योपुर

10 हजार की सैलरी वालह्य केयरटेकर ने रख लिया निजी कर्मचारी

एनयूएलएम द्वारा संचालित नगरपालिका के रैन बसेरा पर एसडीएम का छापा, एनयूएलएम के सिटी मैनेजर को नोटिस

2 min read
10 हजार की सैलरी वालह्य केयरटेकर ने रख लिया निजी कर्मचारी

श्योपुर,
नगरपालिका द्वारा बनाए गए रैन बसेरा में भले ही गरीब और यात्रियों के लिए ठहरने के लिए निशुल्क व्यवस्था हो, लेकिन कर्मचारियों द्वारा यहां शुल्क वसूली जा रही थी। यही नहीं नगरपालिका द्वारा 10 हजार रुपए महीने के वेतन पर तैनात केयरटेकर द्वारा तो अपने खर्चे पर एक प्राइवेट कर्मचारी भी रखा हुआ मिला। ये सब सामने आया शुक्रवार को जब एसडीएम श्योपुर रूपेश उपाध्याय ने रैन बसेरा में छापा मारकर गड़बडिय़ां पकड़ी। इस पर एसडीएम ने एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर को नोटिस जारी करने के लिए कहा।


शहर के बसस्टैंड में दो साल पूर्व नगरपालिका में रैन बसेरे का निर्माण किया और इसके संचालन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) को दी। इसके औचक निरीक्षण के लिए शुक्रवार की शाम को एसडीएम श्योपुर उपाध्याय पहुंचे। यहां उन्होंने काउंटर पर जानकारी ली तो एक प्राइवेट कर्मचारी बुद्धिप्रकाश नामा मिला, जो नपा का कर्मचारी नहीं था। उसे रैन बसेरा के केयर टेकर राहुल जाट द्वारा अपने खर्चे पर रखा हुआ बताया गया। हालांकि रजिस्टर में ठहरने वालों के नाम लिखे थे, लेकिन आइडी और नामों का सही मेंटेन नहीं मिला। जब कर्मचारी बुद्धिप्रकाश से एसडीएम ने शुल्क के बारे में पूछा तो उसने बताया कि 10 रुपए लेते हैँ, जिसकी कोई रसीद भी नहीं मिली। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और कहा कि शुल्क वसूलने का ऑर्डर किसने दिया। इस दौरान ही एनयूएलएम के सिटी मैनेजर अनिल झा पहुंचे तो एसडीएम ने पूछा ये तुम्हारे अंडर में है तो तुम लास्ट बार यहां कब आए। इस पर झा बगले झांकने लगे और कहा सर्दियों में। लेकिन उनके निरीक्षण की कोई टीप रजिस्टर में नहीं मिली। एसडीएम ने झा को फटकारते हुए कहा कि तुम यहां देख नहीं रहे, निशुल्क की जगह लोगों से 10 रुपए लिए जा रहे हैं, केयर टेकर ने यहां बिना किसी के अनुमति से प्राइवेट कर्मचारी रख रखा है, आखिर तुम क्या कर रहे। एसडीएम ने झा को नोटिस देने की बात कही। इसी दौरान रैन बसेरा के केयर टेकर राहुल जाट आए तो उसे भी एसडीएम ने फटकार लगाई, बोले तुमने बिना अनुमति प्राइवेट कर्मचारी कैसे रख लिया और मनमर्जी से शुल्क वसूली कर रहे हो, उसकी कोई रसीद भी नहीं है। निरीक्षण में सामने आया कि रात में सोने के लिए एक और कर्मचारी तैनात है। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने नपा और एनयूएलएम के कर्मचारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार राघवेंद्र कुशवाह भी मौजूद रहे।

Updated on:
14 Feb 2020 08:55 pm
Published on:
15 Feb 2020 07:00 am
Also Read
View All