12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kuno National Park: दुखद खबर, मादा चीता केजीपी-12 के 4 शावक मृत मिले

Kuno National Park: 11 अप्रैल को मादा चीता केजीपी-12 ने दिया था 4 शावकों को जन्म, खुले जंगल में मृत मिले एक-एक महीने के चारों शावक, वन्यजीव द्वारा शिकार की आशंका।

2 min read
Google source verification
sheopur

kuno national park sad news female cheetah kgp 12 four cubs found dead

Kuno National Park: मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से मंगलवार को एक बुरी खबर सामने आई है। कूनो नेशनल पार्क में मंगलवार को खुले जंगल में मादा चीता केजीपी-12 के एक-एक माह की उम्र के 4 शावक मृत पाए गए हैं। चारों शावकों के शव क्षतिग्रस्त हालत में मिले हैं और आंशिक रूप से खाए हुए थे। ऐसे में किसी वन्यजीव द्वारा इन शावकों का शिकार किए जाने की आशंका है। मादा चीता केजीपी-12 स्वस्थ है।

फील्ड डायरेक्टर ने दी जानकारी

प्रोजेक्ट चीता के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सामान्य वनमंडल के वन क्षेत्र में मांदस्थल के पास मंगलवार की सुबह 6.30 बजे के आसपास निगरानी दल को मादा चीता केजीपी-12 के चार शावक (एक महीने के) मृत (आंशिक रूप से खाए हुए) मिले। शावकों को आखिरी बार 11 मई की की शाम को जीवित देखा गया था। शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया, यह घटना किसी अन्य जानवर द्वारा शिकार किए जाने का मामला प्रतीत होता है। मादा चीता सुरक्षित और स्वस्थ है।

पोस्टमार्टम में पता चलेगा मौत का कारण

प्रोजेक्ट चीता के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि चीते के शावकों की मौत किन कारणों से हुई है इसका पता पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। जिन चार शावकों के शव मिले हैं उनका जन्म 11 अप्रैल को हुआ था। उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान में कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 50 चीते हैं, जिनमें 33 भारतीय मूल के चीते शामिल हैं। बाकी सभी चीते स्वस्थ हैं और उनकी हालत अच्छी है।

मदर्स-डे पर मादा चीतों पर जारी की थी शॉर्ट फिल्म

बता दें कि दो दिन पहले मदर्स-डे के मौके पर रविवार को कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन ने चीता माताओं के संघर्ष और मातृत्व को समर्पित एक शॉर्ट फिल्म जारी की थी। ये शॉर्ट फिल्म भारतीय जंगलों में चीतों की नई पीढ़ी को बसाने में उनकी भूमिका को दर्शाती है। इस शॉर्ट फिल्म में बताया गया था कि भारत में चीतों का कुनबा अब बढ़कर 57 हो गया है। जिसमें मादा चीतों का अहम योगदान रहा है। फिल्म में ये भी बताया गया था कि कूनो नेशनल पार्क 5 हजार वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है जिसमें इन मादा चीतों ने सिर्फ खुद को ढाला है बल्कि अपने शावकों को भी यहां पर जिंदा रहना और शिकार करना सिखाया है। बता दें कि कूनो नेशनल पार्क में श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना और राजस्थान के कुछ हिस्से भी शामिल हैं। इन हिस्सों में चीते खुले जंगल में घूमते हैं।