
सीकर। निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को रींगस में मतदान के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। 102 साल की बुजुर्ग महिला अपने परिजनों के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचीं और वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर बताया कि वह अपना वोट देकर आई हैं। परिजनों के अनुसार, उम्र के इस पड़ाव तक वह करीब 50 बार मतदान कर चुकी हैं।
रींगस नगरपालिका के वार्ड नंबर 32 स्थित मतदान केंद्र पर 102 साल की बुजुर्ग महिला वोट डालने पहुंचीं। उम्र ज्यादा होने के कारण परिजन उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाकर मतदान केंद्र तक लेकर आए।
बता दें कि रींगस नगरपालिका में 35 वार्डों के लिए वोटिंग कराई जा रही है। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर कुल 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह मतदान शुरू होने के बाद इन केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। कई जगह महिलाएं और युवा सुबह ही वोट डालने पहुंच गए। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं। वहीं 7 वार्डों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
रींगस के संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी वाले 7 वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है। इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस टीम तैनात की गई है। मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमों की मौजूदगी रखी गई है।
रींगस में मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद वार्ड नंबर 32 के एक मतदान केंद्र पर EVM मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी सूचना मिलने के बाद सहायक रिटर्निंग अधिकारी महेश ओला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में EVM को ठीक कराया गया, जिसके बाद वहां दोबारा मतदान शुरू हो गया।
बता दें, सीकर जिले के रींगस में नगरपालिका चुनाव को लेकर मुकाबला भी दिलचस्प है। यहां 35 वार्डों के लिए कुल 125 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन वार्डों में 20,346 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।