
सीकर। सीकर नगर परिषद के 64 वार्डों सहित लोसल, रामगढ़ व धोद नगरपालिका में 11 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अनोखा नजारा देखने को मिला। सीकर में कांग्रेस प्रत्याशियों को कहीं क्रेन से लटकाकर केलों से तोला तो कहीं रसगुल्लों से तोला। कांग्रेस प्रत्याशी सज्जन कुमार सैनी का समर्थकों ने अलग अंदाज में स्वागत किया। प्रत्याशी को क्रेन के जरिए ऊपर लटकाया गया और इसके बाद उन्हें केलों से तोला गया। बता दें कि सज्जन कुमार सैनी वार्ड नंबर 53 से कांग्रेस प्रत्याशी है। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
इधर, सीकर के मोहल्ला कारीगरान वार्ड नंबर 30 में कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद रफीक के समर्थन में मोहल्लेवासियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डीजे की धुन पर समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया। समर्थकों ने मोहम्मद रफीक को रसगुल्लों से तोलकर अपना समर्थन जताया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। समर्थकों ने रफीक के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए उन्हें विजयी बनाने का भरोसा भी दिलाया।
दूसरी ओर सीकर में प्रचार खत्म होने में कुछ ही घंटे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो निकाला। रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी और प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इससे पहले कांग्रेस ने मंगलवार को संकल्प पत्र जारी किया। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में ई-लाईब्रेरी से लेकर विज्डम वैली का विजन शहरी मतदाताओं को दिखाया है। सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला, पूर्व सभापति जीवण खां, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश फौजी व शहर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी ने संकल्प पत्र जारी किया। सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि शिक्षानगरी में विकास के ज्यादातर काम कांग्रेस की सररकार के समय शुरू हुए।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, जमनलाल बजाज ऑडिटोरियम, मिनी सचिवालय, ड्रेनेज, सीवरेज, नेहरू बाल भवन, साइंस पार्क, नवलगढ़ रोड पुलिया, सौन्दर्यकरण प्रोजेक्ट सहित 100 से अधिक काम ऐसे है जिनकी नींव कांग्रेस ने रखी है। उन्होंने कहा कि शिक्षानगरी में देशभर के युवा अपने कॅरियर को सपनों को पूरा करने के लिए आते है। इसलिए युवाओं पर फोकस करते हुए घोषणा जारी किया है। इधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने कहा कि कांग्रेस की ओर से सभी नगर निकायों में बोर्ड बनने पर विजन के तहत विकास के प्रोजेक्टों को आगे बढ़ाया जाएगा।
ई लाईब्रेरी: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने युवाओं के लिए नगर परिषद की ओर ई लाईब्रेरी तैयार कराने की घोषणा की है। विजडम वैली की स्थापना की जाएगी। नेहरू बाल विकास केन्द्र, नीट-जेईई छात्रवृत्ति का भी विजन दिखाया है।
जनता क्लिनिकः कांग्रेस ने घोषणा पत्र में बताया कि शहरवासियों को जनता क्लिनिक की सौगात दी जाएगी। नगर परिषद की सुविधाओं को डिजिटल करने, नई नंदीशाला निर्माण, खेल स्टेडियम का नवीनीकरण, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन व आधुनिक डेरनेज व सीवरेज व्यवस्था की घोषणा की है।