सिरोही

ट्रोले की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम

कांडला राजमार्ग पर शहर के सदर थाना क्षेत्र में सिंदरथ खेतलाजी मंदिर से कुछ दूर शुक्रवार दोपहर में तेज रफ्तार ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
less than 1 minute read
Jun 03, 2023
Kandla Highway Road Accident Of Bike Father And Son Died In Rajasthan
सिरोही में जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पुलिसकर्मी व लोग

सिरोही। कांडला राजमार्ग पर शहर के सदर थाना क्षेत्र में सिंदरथ खेतलाजी मंदिर से कुछ दूर शुक्रवार दोपहर में तेज रफ्तार ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। दर्दनाक हादसे से गांव में सन्नाटा सा पसर गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को शहर के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।

थानाधिकारी बुद्धाराम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर में पीपलकी निवासी हरीश रावल (45) और उसके पिता तलकाराम (80) पुत्र पूनमाजी रावल बाइक से कृष्णगंज की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मंडार की तरफ से आ रहे एक ट्रोला चालक ने ओवरटेक करते समय लापरवाही से बाइक को चपेट में ले लिया। जिससे ट्रोले की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रोला चालक कुछ दूरी तक वाहन को भगा ले गया और बाद में वाहन को मौके पर छोडकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र के शव को मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। बाद में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दियो।

ट्रोला जब्त, मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद ट्रोला को जब्त कर लिया गया है। साथ ही थाने में दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के दौरान यहां काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कुछ देर के लिए यातायात जाम भी हो गया। इधर, हादसे की सूचना पर काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे।

Published on:
03 Jun 2023 02:04 pm