
जयपुर स्थित प्रसिद्ध नाहरगढ़ जैविक उद्यान (Nahargarh Biological Park) से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पार्क में नियमित रखरखाव और सफाई कार्य में लगी एक महिला सफाईकर्मी पर बाघ 'शिवाजी' ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 16 नंबर एंक्लोजर के पास हुई इस भयानक दुर्घटना में बाघ के हमले से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पूरे बायोलॉजिकल पार्क परिसर में हड़कंप का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। प्रथम दृष्टया सामने आ रहा है कि यह पूरा हादसा केयरटेकर की गंभीर लापरवाही का नतीजा हो सकता है, जिसकी वजह से महिला बाघ की पहुंच वाले क्षेत्र में चली गई।
मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला मजदूर नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के 16 नंबर एंक्लोजर के नजदीक सफाई व्यवस्था का काम कर रही थी। उसी दौरान एंक्लोजर में मौजूद टाइगर 'शिवाजी' ने उस पर हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि बाघ के हमले के बाद महिला को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला। हमले के दौरान महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद अन्य कर्मचारी दौड़े, लेकिन तब तक बाघ के जानलेवा हमले से महिला की मौत हो चुकी थी। पार्क प्रबंधन ने तुरंत क्षेत्र को खाली कराया और वन्यजीव चिकित्सकों की टीम को अलर्ट किया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पार्क प्रशासन और केयरटेकर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आमतौर पर किसी भी बाघ या हिंसक वन्यजीव के एंक्लोजर में सफाई या रखरखाव का काम शुरू करने से पहले जानवर को सुरक्षित शेल्टर या होल्डिंग एरिया में लॉक किया जाता है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि केयरटेकर की अनदेखी के चलते बाघ का केज खुला रह गया या उसे सुरक्षित लॉक नहीं किया गया था। बिना सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच किए महिला मजदूर को अंदर सफाई के लिए भेज दिया गया, जिसके बाद यह दुखद घटना घटित हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अरुण प्रसाद, उप वन संरक्षक आशीष व्यास, सहायक वन संरक्षक जितेंद्र सिंह शेखावत, गौरव कुमार और आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा तुरंत नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क पहुंचे। सभी अधिकारीयों ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही वन विभाग और बायोलॉजिकल पार्क के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भिजवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
जयपुर के आमेर पहाड़ियों के पास स्थित नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क राजस्थान का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और विदेशी पर्यटक वन्यजीवों को देखने आते हैं।
इस घटना के बाद पार्क परिसर में सुरक्षा इंतजामों और कर्मचारियों की एसओपी (SOP) के पालन को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब पूरे मामले की प्रशासनिक जांच करा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।