
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। घड़साना क्षेत्र के निकटवर्ती 9 एमडी सतराना गांव में ढाई महीने की बच्ची का शव घर में बनी पानी की डिग्गी में मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
दादा मदनलाल पुत्र आशाराम मेघवाल ने तड़के करीब 4 बजे घर में बनी डिग्गी में बच्ची का शव तैरता देखा। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत सरपंच प्रतिनिधि जसपाल सिंह गिल को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही डिप्टी एसपी प्रशांत कौशिक और थानाधिकारी देवीलाल सहारन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डिग्गी से शव को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाधिकारी सहारन ने बताया कि ढाई माह की बच्ची स्वयं डिग्गी तक नहीं पहुंच सकती। वह रात को मां के साथ सोई थी और उसे किसी ने डिग्गी में डाला दिया। मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। दादा की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका अंजना, हरीश कुमार की इकलौती संतान थी। पिता मजदूरी के लिए बाहर गया था।