श्री गंगानगर

सूरतगढ़ के युवाओं का सपना होगा साकार, जल्द शुरू होगा आधुनिक ट्रेक का निर्माण, स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर

सूरतगढ़ के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। नगरपालिका स्टेडियम अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होने जा रहा है, जहां करोड़ों रुपए की लागत से 8 लेन रेसिंग ट्रेक, भविष्य में सिंथेटिक ट्रेक और इंडोर स्टेडियम विकसित किए जाएंगे।
2 min read
Suratgarh Stadium
सूरतगढ़ स्टेडियम में रेसिंग ट्रेक तैयार करते युवा (फोटो-पत्रिका)

सूरतगढ़। शहर के खिलाड़ियों के ओलंपिक सपनों को अब नई रफ्तार मिलने जा रही है। नगरपालिका स्टेडियम में आधुनिक 8 लेन रेसिंग ट्रेक तैयार होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट तैयार किए जा सकेंगे। सरकार ने प्रथम चरण में डेढ़ करोड़ रुपए का बजट जारी कर वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए हैं। इससे न सिर्फ खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि ओलंपिक जैसे बड़े मंच तक पहुंचने के उनके सपनों को भी नई उड़ान मिलेगी।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी खेल योजना के तहत नगरपालिका स्टेडियम में 400 मीटर लंबा 8 लेन रेसिंग ट्रेक तैयार किया जाएगा। पहले चरण में बिटुमिन आधारित ट्रेक बनाया जाएगा, जिसे बाद में आधुनिक सिंथेटिक ट्रेक में बदला जाएगा। सिंथेटिक ट्रेक निर्माण पर करीब 8 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इस वित्तीय वर्ष में ट्रेक निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हुआ है।

सूरतगढ़ स्टेडियम ट्रेक पर दौड़ का अभ्यास करती युवतियां (फोटो-पत्रिका)

ग्राउंड में नहीं भरेगा पानी

योजना के तहत नगरपालिका स्टेडियम में जलभराव की समस्या का भी स्थाई समाधान किया जाएगा। मानसून के दौरान स्टेडियम में पानी भरने से पूरा मैदान तालाब में बदल जाता है, जिससे खेल व अभ्यास गतिविधियां प्रभावित होती हैं। फिलहाल नगरपालिका ने पानी निकासी के लिए दो बोर करवाए हैं लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।

इंडोर गेम्स और वॉकिंग सुविधाएं भी मिलेंगी

स्टेडियम विकास कार्य की डीपीआर के अनुसार यहां इंडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा, जहां खिलाड़ियों को विभिन्न इंडोर खेलों की सुविधाएं मिल सकेंगी। आगामी वित्तीय वर्ष में इसके लिए करीब 5 करोड़ रुपए का बजट मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा आमजन के लिए अलग से वॉकिंग ट्रेक भी बनाया जाएगा। यह ट्रेक स्टेडियम के किनारे विकसित होगा ताकि खिलाड़ियों के अभ्यास में बाधा नहीं आए।

ओलंपिक खेलों की तैयारी होगी आसान

ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई बार अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। कई एथलीट राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं लेकिन आधुनिक सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। स्टेडियम में बड़ी संख्या में युवा सेना व अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी करते हैं। कोच सलीम अली ने बताया कि वर्तमान में युवाओं को अभ्यास के लिए खुद ही ट्रेक तैयार करना पड़ता है। ऐसे में आधुनिक ट्रेक बनने से खिलाड़ियों और युवाओं को लाभ मिलेगा।

खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

योजना के तहत नगरपालिका स्टेडियम में आधुनिक रेसिंग ट्रेक सहित खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इंडोर गेम्स की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। -सुरेन्द्रप्रताप सिंह, सहायक अभियंता, नगरपालिका।

Updated on:
18 May 2026 09:28 pm
Published on:
18 May 2026 09:27 pm