रोजर्स कप ( Rogers Cup ) के क्वार्टर फाइनल में सेरेना विलियम्स ( serena williams ) का मुकाबला नाओमी ओसाका से और राफेल नडाल ( Rafael Nadal ) का फेबियो फोग्निनी से होगा
नई दिल्ली। अमरीका की स्टार टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और स्पैनिश खिलाड़ी राफेल नडाल ने रोजर्स कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को दोनों खिलाड़ियों ने अपने वर्ग में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। सेरेना विलियम्स ने महिला एकल वर्ग के राउंड ऑफ-16 में रूस की एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा को सीधे सेटों में 7-5, 6-4 से हराया।
सेरेना का मुकाबला वर्ल्ड रैंकिंग की नंबर दो खिलाड़ी नाओमी ओसाका से होगा
इससे पहले बुधवार को सेरेना ने एलिस मर्टेस को 6-3, 6-3 से मात दी थी। क्वार्टर फाइनल में सेरेना का मुकाबला अब वर्ल्ड रैंकिंग की नंबर दो खिलाड़ी नाओमी ओसाका से होगा। आपको बता दें कि सेरेना विलियम्स इस साल विम्बलडन फाइनल में हार गईं थीं।
नडाल ने अर्जेटीना के गुइडो पेला को हराया
दूसरी ओर, पुरुष एकल वर्ग में टॉप सीड नडाल ने अर्जेटीना के गुइडो पेला को 6-3, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ 33 वर्षीय खिलाड़ी ने मास्टर्स 1000 प्रतियोगिता में सबसे अधिक जीत दर्ज करने के रोजर फेडरर (379) के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। नडाल का सामना इटली के फेबियो फोग्निनी से होगा।