टीकमगढ़

शहर में आठ करोड से अधिक का टैक्स बकाया, जिसमें से 2 करोड 74 लाख जलकर बकाया

नगरपालिका का राजस्व विभाग।
2 min read
Mar 05, 2025
नगरपालिका का राजस्व विभाग।
नगरपालिका का राजस्व विभाग।

एमपीई नगरपालिका एप में आ रही समस्या से बढ़ रहा बकायादारों का आंकड़ा

टीकमगढ़. नगर पालिका के २७ वार्ड वासियों ने सालों से विभिन्न टैक्स जमा नहीं किए है। जिसके कारण टैक्स का आंकड़ा करोड़ों में पहुंच गया। जिसमें सबसे ज्यादा टैक्स जलकर का हो गया है। वहीं एमपीई नगरपालिका एप भी बकायादारों को धोखा दे रहा है। इससे टैक्स जमा करने की रफ्तार धीमी हो गई है। यह वसूली नहीं होने से नगर के विकास कार्यों पर असर पडऩे लगा है। हालांकि बकायादारों को नपा ने अंतिम मौका दिया है और सैकड़ों उपभोक्ताओं के खिलाफ नोटिस जारी कर दिए है।
शहर के विभिन्न वार्डों में रहने वाले नागरिकों द्वारा सालों से समेकितकर, जलकर, संपत्तिकर और दुकानों का किराया जमा नहीं करने के कारण टैक्स आठ करोड से अधिक पर पहुंच गया है। वहीं एमपीई नगरपालिका एप काम नहीं कर रहा है। जिसके कारण बकायादारों को बहाना मिल गया है। इस साल टैक्स वसूली के लिए ४ करोड १२ लाख ४३ हजार ४८७ रुपए की डिमांड रखी है। ऐसे बकायादारों को नगर पालिका ने टैक्स की राशि जमा करने के लिए चिंहिन्त किया और नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।

विकास कार्यों पर पड़ रहा असर
नगरपालिका के कर्मचारियों ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में २० हजार के करीब मकान, ४० हजार से अधिक दुकान, सैकड़ों की संख्या में शिक्षा संस्था के साथ अन्य संस्थान संचालित हो रहे है, लेकिन उनके द्वारा टैक्स जमा नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण टैक्स का आंकड़ा करोड़ों में पहुंच गया है। इस कारण से शहर का सौंदर्यीकरण नहीं हो पा रहा है। पार्क, फुटपाथ के साथ अन्य छोटे कार्यों को करने में शासन के बजट का इंतजार करना पड़ रहा है। जिसके कारण विकास कार्य की गति धीमी पड़ रही है।

एमपीई नगरपालिका एप भी नहीं दे रहा सभी जानकारी
बताया गया कि एमपीई नगरपालिका एप पिछले वर्ष अच्छी गति से चल रहा था। अपडेशन के कारण उसमें जानकारियां गलत आने लगी है। इस कारण से सही समय पर कर जमा नहीं हो पा रहा है। बताया गया कि अगर यह एप उचित गति से चलने लगे और सही जानकारी देने लगे तो कर जमा करने का आंकड़ा बढ़ जाएंगा। लेकिन विभाग द्वारा इस मामले में कार्य नहीं किया जा रहा है।

दिए गए नोटिस
नपा कर्मचारियों ने बताया कि संपत्तिकर, समेकितकर, उपकर, शिक्षा कर, जलकर और दुकान किरायादारों का बकाया करोड़ों में आ गया है। शहर में १० हजार रुपए से अधिक कर वालों व्यक्तियों को चिन्हित किया है। सभी नोटिस जारी कर आठ मार्च को नेशनल लोक अदालत में टैक्स जमा करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

फैक्ट फाइल
२९६४७१५ संपत्तिकर
२२३६८५० समेकित कर
१०४९९४९ उपकर
१०४९९४९ शिक्षा कर
२७३९८८२० जलकर
६५४३१४४ दुकान किराया
इनका कहना

नगरपालिका के सभी कर वसूली के लिए कार्य योजना तैयार की है। इस कार्य योजना के माध्यम से शत प्रतिशत कर वसूली का कार्य किया जाएगा। आने वाली वसूली से नगर के विकास कार्य किए जाएंगे।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नगरपालिका टीकमगढ़।

Updated on:
05 Mar 2025 11:15 am
Published on:
05 Mar 2025 11:15 am