टोंक

मालपुरा में सर्वसमाज ने विधानसभा चुनाव से पहले टिकट को लेकर उठाई ये मांग

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Oct 21, 2018
mali-society-seeks-manga-tickets-from-the-malpura-assembly
मालपुरा महेश सेवा सदन में आयोजित सर्वसमाज की बैठक में उपस्थित लोग।

मालपुरा. अधिकार मंच के तत्वावधान में शनिवार को महेश सेवा सदन में माली समाज की ओर से सर्व समाज की बैठक पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शिवचरण सैनी की अध्यक्षता में हुई।

इसमें सर्व समाज से माली समाज के व्यक्ति को विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी से टिकट देने की एक स्वर में आवाज उठाई गई। बैठक में अधिकार मंच के संयोजक सौभाग्य सिंह ने कहा कि मालपुरा-टोडारायसिंह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की ओर से दो-दो बार गुर्जर व जाट समुदाय पर भरोसा कर पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है लेकिन हार का सामना करना पड़ा।

ऐसे में पार्टी को माली समाज पर भी विश्वास पैदा करते हुए विधानसभा चुनावों में समाज के व्यक्ति को टिकट देने में प्राथमिकता रखे। कैलाश चन्द सैनी ने कहा कि माली समाज विधानसभा क्षेत्र में एक प्रमुख स्थान रखता है लेकिन विधानसभा में प्रत्याशी चयन में समाज के लोगों की उपेक्षा की गई है ऐसे में पार्टी को समाज के लोगों को भी मौका देना चाहिए।

ठाकुर रामप्रताप सिंह ने कहा कि सर्व समाज के लोगों की राय लेकर पार्टी को अपना प्रत्याशी तय करना चाहिए जिससे सभी वर्ग के लोगों के स्वाभिमान का सम्मान हो सके। बैठक में ओबीसी प्रकोष्ठ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल सैनी, सैनी समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम कटारा, लाभचन्द अजमेरा, कैलाश आर्यवीर टोडारायसिंह, महावीर दग्धी, हरजीलाल सैनी, प्रेमप्रकाश सैनी, राजेन्द्र तिवाड़ी, जगदीश सैनी, जोरूलाल, रामधन सैनी, रामगोपाल शर्मा, गजेन्द्र बोहरा सहित कई सर्वसमाज के लोगों ने सर्व समाज की राय से प्रत्याशी का चयन करने की मांग उठाते हुए प्रदेश स्तर तक अपनी बात पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में टोंक, निवाई, देवली, उनियारा सहित कई स्थानों के माली समाज के लोगों ने भी भाग लिया।

Published on:
21 Oct 2018 09:46 am