टोंक

टोंक में क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान वर्ल्ड कप टी-20 मैच पर लगा था 1.25 करोड़ का दांव

T20 World Cup Online Betting: पुलिस की डीएसटी ने छापामार कार्रवाई कर इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान वर्ल्ड कप टी-20 मैच पर सवार करोड़ रुपए से अधिक का ऑनलाइन सट्टा पकड़ा है।

less than 1 minute read
Feb 26, 2026
Tonk News
पुलिस की ओर से बरामद किए गए उपकरण। फोटो: पत्रिका

टोंक। पुरानी टोंक थाना क्षेत्र स्थित बटवालान मोहल्ले में पुलिस की डीएसटी ने छापामार कार्रवाई कर इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान वर्ल्ड कप टी-20 मैच पर सवार करोड़ रुपए से अधिक का ऑनलाइन सट्टा पकड़ा है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो कैलकुलेटर और 7740 रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार लैपटॉप पर ऑनलाइन सट्टे के लगभग एक करोड़ 27 लाख 34 हजार 850 रुपए का हिसाब किताब पाया गया। इस कार्रवाई को टोंक जिले की स्पेशल टीम और पुरानी टोंक थाना पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया।

गठित स्पेशल टीम ने दिया अंजाम

पुलिस अधीक्षक राजेशकुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल प्रसाद के निर्देशन और उप अधीक्षक मृत्युजंय मिश्रा के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की। आरोपियों के पास से मिली सट्टा रजिस्टर की जांच से अन्य नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

मौके से इन्हें पकड़ा

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें बटवालों का मोहल्ला पुरानी टोंक निवासी इमरान पुत्र मोहम्मद आबिद, रजबन कोतवाली क्षेत्र निवासी सलमान पुत्र सईद तथा खिडक़ी दरवाजा, देशवाली मोहल्ला पुरानी टोंक निवासी हारून पुत्र आरिफ मियां शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुरानी टोंक थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है। टीम में जिला स्पेशल टीम के सदस्य हैड कांस्टेबल शरीफ मोहम्मद, कांस्टेबल राधामोहन, राजेश कुमार व पुरानी टोंक शामिल थी।

टोंक. पुलिस की ओर से बरामद किए गए उपकरण।

Published on:
26 Feb 2026 11:09 am