उदयपुर

Air India का बड़ा फैसला: घरेलू उड़ानों पर बढ़ा फ्यूल सरचार्ज, यात्रियों को देना होगा 6-10% ज्यादा किराया

Air India Big Decision: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और एटीएफ की कीमतों में तेजी का असर अब हवाई यात्राओं पर भी दिखने लगा है। एयर इंडिया ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे नई टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ेगा।
2 min read
Mar 12, 2026
Air India Flight
Air India (ANI)

Flight Ticket Price Hike: मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में तेजी का असर उदयपुर से होने वाली हवाई यात्राओं पर भी दिखने लगा है। एयर इंडिया ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का निर्णय लिया है।

इससे नई टिकट बुकिंग कराने वाले यात्रियों को अधिक किराया चुकाना होगा। गुरुवार से नई बुकिंग पर घरेलू उड़ानों के टिकट में 399 रुपए तक का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज जोड़ा जाएगा। यह चार्ज चरणबद्ध तरीके से लागू होगा और सभी प्रमुख घरेलू रूट्स पर प्रभावी रहेगा। जिन यात्रियों ने गुरुवार से पहले टिकट बुक करा ली है, उन पर यह बढ़ा हुआ सरचार्ज लागू नहीं होगा। हालांकि यदि यात्री अपनी यात्रा की तारीख या रूट में बदलाव करते हैं तो किराए का पुनः निर्धारण किया जा सकता है।

उदयपुर से उड़ानों पर सीधा असर

डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की नियमित उड़ानें दिल्ली और मुंबई के लिए संचालित होती हैं। ये दोनों रूट उदयपुर को देश के बड़े एयर हब से जोड़ते हैं, जहां से आगे देश-विदेश के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स मिलती हैं। ऐसे में फ्यूल सरचार्ज बढ़ने का सीधा असर उदयपुर से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

प्रति टिकट 6 से 10 प्रतिशत तक बढ़ सकता है किराया

उदयपुर से दिल्ली के लिए हवाई टिकट का किराया सीजन और बुकिंग समय के अनुसार करीब 3,000 से 6,000 रुपए के बीच रहता है, जबकि मुंबई के लिए यह 4,000 से 7,000 रुपए तक पहुंच जाता है। ऐसे में 399 रुपए का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज जुड़ने से कुल किराए में लगभग 6 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है।

एयरलाइंस की लागत में ईंधन की बड़ी हिस्सेदारी

एयर इंडिया के अनुसार एविएशन टर्बाइन फ्यूल किसी भी एयरलाइन की ऑपरेटिंग लागत का 40 प्रतिशत हिस्सा होता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण जेट ईंधन की सप्लाई और कीमतों पर असर पड़ रहा है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी बढ़ेगा सरचार्ज

एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी के अनुसार 18 मार्च से यूरोप के लिए 25 अमेरिकी डॉलर और नॉर्थ अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया के लिए 50 अमेरिकी डॉलर तक अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा।

Updated on:
12 Mar 2026 11:58 am
Published on:
12 Mar 2026 11:58 am