उदयपुर

52 घंटे बाद हुआ शव का अंतिम संस्कार

Mar 16, 2026
Feature image
परसाद के तलाई स्टेडियम में उपस्थित ग्रामीण।

परसाद (उदयपुर) . कस्बे में शुक्रवार को वन विभाग की नर्सरी के समीप दिन दहाड़े चाकू घोंपकर युवक की हत्या की घटना के तीसरे दिन भी बडी संख्या में मीणा समाज के विभिन्न पालों व आसपास के लोग तलाई स्टेडियम में इकट्ठा हुए । पुलिस और ग्रामीणों के बीच चली लम्बी समझाइश व हत्यारों के खिलाफ निष्पक्ष जांच व कठोर कार्रवाई के आश्वासन के बात दोपहर करीब एक बजे परिजन व ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।

घटना के समय मौजूद रहे मृतक के साथी हेमराज मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज मामले पर मृतक प्रदीप के शव का उदयपुर मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौप दिया। जिसका घटना के 52 घंटे बाद देर शाम को अंतिम संस्कार किया गया ।

इधर, घटना के बाद से ही तीसरे दिन भी मामला तनाव पूर्व होने से परसाद बाजार बंद रहा।

घटना के कारणों का पता लगाने व सटीक जांच के लिए फॉरेन्सिक एक्सपर्ट की टीम ने भी शनिवार को घटना स्थल का निरीक्षण कर सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेजे ।

शुक्रवार रात को ही पुलिस टीमें दबिश के लिये भेज दी गई है। दो दिनों की लगातार दबिशों व मुखबिर के सहयोग से पुलिस ने आठ युवकों को डिटेन किया है, जिनसे पूछताछ व जांच जारी है ।

दिन दहाडे हुई इस घटना को लेकर शनिवार को भी बड़ी संख्या मौजूद ग्रामीणों व पुलिस के बीच वार्ता हुई लेकिन देर शाम तक कोई बात नहीं बन पाई। देर रात होने से रविवार को वापस आस पास की पाले इक्कठी हुई। फिर से वार्ता चली।

ग्रामीणों में पुलिस कार्यवाही को लेकर नाराजगी साफ नजर आई । ग्रामीणों का आरोप है पूर्व की तीन घटनाओं में भी खुलासा नही होने से इस तरह की घटनाओं में बदमाश बेखौफ है,जिससे क्षेत्र में अपराधियों में कानून का डर नही हैं,जिससे वो इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे है । वहीं पिडित परिवारों को समय रहते न्याय नही मिल पाता ।

रविवार की बैठक में पुलिस के आश्वासन व समझौता वार्ता से ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार पर सहमत हुए लेकिन सामाजिक स्तर पर विशेष निर्णय के लिए फिर से इकट्ठा होने की बात कही, जिसमें समाज स्तर पर एसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर निर्णय लेने की चर्चा हुई । रविवार को भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सराडा डीएसपी चांदमल सिंगारिया, परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार के साथ जावर माइंस, सराड़ा,सेमारी थानाधिकारी मय जाप्ता मौजूद रहे ।

ज्ञातव्य हो कि शुक्रवार को मामूली कहासुनी में खरबर के नेराफला निवासी 20 वर्षीय प्रदीप पुत्र कालूलाल मीणा की कुछ युवकों ने दिन दहाडे परसाद कस्बा स्थित वन पौधशाला के समीप दिन दहाडे चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी । मृतक अहमदाबाद में मजदूरी करता था और होली मनाने घर आया था, जहां दशामाता पूजन के लिए सामान लेने बाजार आया था और उसकी हत्या हो गई ।

Updated on:
16 Mar 2026 04:35 pm
Published on:
16 Mar 2026 02:20 am