
उदयपुर नगर निगम गैराज समिति की बैठक सोमवार को अध्यक्ष मनोहर चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उप महापौर पारस सिंघवी, अधिशासी अभियंता (यांत्रिक) लखनलाल बैरवा एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में शहर में सफाई एवं निगम की ओर से करवाए जाने वाले कार्यों पर निर्णय किए गए।
अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने गोवर्धन सागर में वाटर स्पोर्ट्स एवं दूध तलाई में पैडल बोट शुरू करने को लेकर निर्देश दिए थे। इसी की पालना में जल्द ही पैडल बोट शुरू करने का निर्णय किया गया है। उप महापौर सिंघवी ने अधिशासी अभियंता को जल्द ही इस कार्य में अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए।
समिति सदस्य देवेंद्र पुजारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में संचालित कई ओपन जिम मरम्मत के अभाव में अनुपयोगी हो रहे हैं। इस पर सिंघवी ने जल्द ही सभी जिम मरम्मत के टेंडर करने के निर्देश दिए।समिति सदस्य हीरा देवी मीणा ने कहा कि नगर निगम के कई वाहनों पर लंबे समय से रंग रोगन नहीं किया गया है। जिससे शहर में निगम की छवि को खराब हो रही है। इस पर शहर में संचालित सभी वाहनों पर रंग रोगन का निर्णय किया।
गैराज शाखा जारी करेगी अनुमति
बैठक में स्टार होटल्स को नाव एवं जेटी की अनुमति पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बताया कि पहले यह कार्य निगम की गैराज शाखा द्वारा किया जाता था, लेकिन गैराज में अधिकारी के अभाव में यह कार्य राजस्व शाखा को सुपुर्द किया गया। अब गैराज शाखा में अधिकारी ने कार्यभार संभाल लिया है, इसलिए यह कार्य फिर से निगम की गैराज शाखा द्वारा किया जाएगा।समिति अध्यक्ष ने कहा कि सुखाडिया सर्कल पर नाव संचालित करने वाली फर्म की ओर से अव्यवस्था फैलाई जा रही है। महीनों तक पानी के होज की सफाई नहीं होती। पानी से दुर्गंध आती है। जिस पर कहा गया कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सिटी बस संचालक को लेकर हुए निर्णय
सदस्य पूनम सिंह रावत एवं कमलेश मेहता ने शहर के औद्योगिक क्षेत्र मादड़ी एवं कलडवास में सिटी बस संचालित नहीं होने के कारण यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया। बैठक में उपस्थित उप महापौर सिंघवी ने निगम में आने वाली इलेक्ट्रिक बसों में से एक नया रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए।