उदयपुर

Good News : राजस्थान के इस नए रूट पर ‘वंदे भारत’ ट्रेन का काउंटडाउन शुरू, जानें शेड्यूल, ठहराव और सुविधाओं के बारे में सब कुछ 

राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को यह ट्रेन आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन के संचालन को हाल ही में रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिली थी।
2 min read
Feb 15, 2026
vande bharat express train

उदयपुर। राजस्थान के दक्षिणी द्वार कहे जाने वाले उदयपुर के लिए सोमवार 16 फरवरी 2026 की तारीख ऐतिहासिक होने जा रही है। दरअसल, इस दिन गुजरात के असरवा और राजस्थान के उदयपुर सिटी के बीच नई वंदे भारत ट्रेन पटरियों पर दौड़ लगाना शुरू कर देगी। हालांकि ये ट्रेन नियमित रूप से पटरियों पर 18 फरवरी से दौड़ने लगेगी। गौरतलब है कि इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन के संचालन को हाल ही में रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिली थी।

उद्घाटन समारोह: 16 फरवरी को सजेगी 'सेमी-हाई स्पीड' ट्रेन

उद्घाटन के दिन, गाड़ी संख्या 09663 उदयपुर सिटी-असरवा वंदे भारत स्पेशल दोपहर 12:25 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन से रवाना होगी और शाम 5:15 बजे असरवा पहुंचेगी। उद्घाटन के अवसर पर मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र के सांसद और विधायक इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे।

सुबह उदयपुर से रवानगी, रात को वापसी

नियमित सेवा (18 फरवरी से) के लिए रेलवे ने ऐसा समय निर्धारित किया है जिससे उदयपुर के व्यापारियों और पर्यटकों को काफी सुविधा होगी।

ट्रेन नंबर 26963 (उदयपुर से असरवा): प्रतिदिन (मंगलवार छोड़कर) सुबह 6:10 बजे उदयपुर से चलकर सुबह 10:25 बजे अहमदाबाद (असरवा) पहुंचा देगी।

ट्रेन नंबर 26964 (असरवा से उदयपुर): शाम को 5:45 बजे असरवा से रवाना होगी और रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

खास बात: यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। मंगलवार को इसके रखरखाव (Maintenance) के लिए अवकाश रहेगा।

Udaipur Asarva Vande Bharat Express

राजस्थान के इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन केवल उदयपुर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को भी आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। सफर के दौरान यह इन स्टेशनों पर रुकेगी:

जावर (Zawar): उदयपुर जिले का औद्योगिक क्षेत्र

डूंगरपुर (Dungarpur): वागड़ क्षेत्र का प्रमुख केंद्र।

हिम्मतनगर (Himmat Nagar): गुजरात का प्रवेश द्वार।

जयपुर-आगरा रूट बंद, अब गुजरात पर फोकस

रेलवे ने एक कड़ा फैसला लेते हुए उदयपुर-जयपुर (20979/80) और उदयपुर-आगरा कैंट (20981/82) वंदे भारत सेवाओं को बंद करने का आदेश दिया है। सूत्रों के अनुसार, इन रूट्स पर यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम (करीब 50-60%) थी।

अब रेलवे की रणनीति उदयपुर को गुजरात के साथ मजबूती से जोड़ने की है, क्योंकि अहमदाबाद के लिए बड़ी संख्या में व्यापारी, छात्र और मरीज (इलाज के लिए) नियमित यात्रा करते हैं।

वर्ल्ड क्लास सफर का अनुभव

यह वंदे भारत ट्रेन 8 कोच की होगी, जिसमें एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार शामिल हैं। इसमें यात्रियों को निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी:

- 180 डिग्री घूमने वाली आरामदायक सीटें।
- जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और सीसीटीवी कैमरे।
- बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स और ऑटोमैटिक दरवाजे।
- ऑन-बोर्ड वाई-फाई और टच-फ्री सुविधाएं।

Updated on:
15 Feb 2026 10:50 am
Published on:
15 Feb 2026 10:49 am