उदयपुर

20 दिन का ‘क्लीन-अप ऑपरेशन’: नशा तस्करों से साइबर अपराधियों तक, पुलिस का चौतरफा प्रहार

Aug 26, 2026
Rajasthan

B78 वांछित व संगठित अपराधी चिन्हित, 59 गिरफ्तार; 20 एनडीपीएस मामलों में 45 आरोपी दबोचे, 21,358 यातायात कार्रवाई भीB
Bराजसमंद. Bएक ओर नशे के सौदागरों के नेटवर्क पर शिकंजा, दूसरी ओर वांछित और संगठित अपराधियों की धरपकड़। कहीं अवैध हथियारों पर कार्रवाई तो कहीं साइबर ठगों के खिलाफ छापेमारी। अवैध खनन से लेकर यातायात नियम तोड़ने वालों तक राजसमंद पुलिस ने 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चले विशेष अभियान में अपराध के अलग-अलग मोर्चों पर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में राजसमंद जिला पुलिस ने वांछित व संगठित अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, अवैध हथियार धारकों, साइबर अपराधियों, अवैध खननकर्ताओं और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार पारीक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सैल और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने अभियान को अंजाम दिया। अभियान के दौरान वांछित और संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में 78 अपराधियों को चिन्हित किया गया और 59 को गिरफ्तार किया गया।
Bनशे के नेटवर्क पर बड़ा वार, एमडी फैक्ट्री भी पकड़ीB
मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ 20 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में व्यावसायिक मात्रा में 484.386 किलोग्राम डोडापोस्त, 4.5 किलोग्राम अफीम, 175.52 ग्राम अफीम और 52.410 किलोग्राम डोडापोस्त सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। इसके अलावा 96.886 किलोग्राम डोडापोस्त, 53.95 ग्राम एमडी, 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर, दो कार, पांच मोटरसाइकिल, 6.500 किलोग्राम गांजा, 340 गांजे के पौधे जब्त किए तथा एमडी बनाने की एक फैक्ट्री को ध्वस्त कर उपकरण और केमिकल जब्त किए गए। चारभुजा थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को एक मकान में एमडी बनाने की फैक्ट्री लगाने के मामले में कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और एमडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, उपकरण तथा केमिकल जब्त किए गए। वहीं एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत रेलमगरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के दो वाहनों को फ्रीज करवाया।
Bहथियार, साइबर अपराध और अवैध खनन पर भी कार्रवाईB
अवैध हथियारों के खिलाफ तीन प्रकरण दर्ज कर तीन फायर आर्म्स और दो एम्युनिशन जब्त किए गए तथा 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो इनामी अपराधी शामिल हैं। साइबर अपराध के खिलाफ 10 प्रकरण दर्ज हुए, दो चिन्हित हॉटस्पॉट पर कार्रवाई और सात छापेमारी की गई। 14 आरोपी गिरफ्तार हुए, 37 लाख 15 हजार 220 रुपए की राशि बरामद अथवा फ्रीज कराई गई तथा पीड़ितों को 26 लाख 91 हजार 54 रुपए की राशि वापस दिलाई गई। अवैध खनन के खिलाफ 25 प्रकरण दर्ज किए गए और पुलिस व खनन विभाग ने संयुक्त रूप से सात कार्रवाई की। इस दौरान सात डंपर, दो जेसीबी, एक एलएनटी मशीन और 33 ट्रैक्टर-बजरी/मिट्टी सहित जब्त किए गए। कुल 308 टन बजरी/मिट्टी और चार टन मिट्टी जब्त की गई, तीन वाहन स्वामी अथवा गिरोह सदस्य गिरफ्तार हुए तथा 22 लाख 20 हजार 182 रुपए की शमन/जुर्माना राशि वसूल की गई।
B138 नाकाबंदी पॉइंट, 21 हजार से ज्यादा यातायात कार्रवाईB
यातायात नियमों की पालना के लिए 138 नाकाबंदी पॉइंट लगाए गए। इस दौरान 12,648 दोपहिया और 14,935 चारपहिया वाहन चेक किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग, नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन और अन्य एमवी एक्ट मामलों में कुल 21,358 कार्रवाई दर्ज की गई। इन कार्रवाई में दर्ज जुर्माना राशियों का कुल योग 1 करोड़ 80 लाख 19 हजार 800 रुपए रहा।
Bनाकाबंदी में 337 आरोपी गिरफ्तार, 443 अन्य व्यक्ति भी पकड़ेB
नाकाबंदी के दौरान आर्म्स एक्ट के पांच, आबकारी एक्ट के 21, एनडीपीएस एक्ट के 20 तथा अन्य स्थानीय व विशेष अधिनियमों के 67 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान 337 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि बीएनएसएस की धारा 170 में 443 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान डोडापोस्त, अफीम, एमडी, ब्राउन शुगर, गांजा, शराब, हथियार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। सोशल मीडिया पर अनुचित पोस्ट करने के मामले में तीन प्रकरण दर्ज कर नौ गिरफ्तारियां की गई। विशेष अभियान 'सुदर्शन चक्र-2' के तहत 1 अप्रैल से 20 अगस्त तक राजसमंद जिला पुलिस ने रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए कुल 1817 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की।

Updated on:
26 Aug 2026 06:01 am
Published on:
26 Aug 2026 06:01 am