उदयपुर

सम्पर्क पोर्टल की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Aug 26, 2026
Rajasthan

राजसमंद. जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक लेकर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर जवाब दर्ज करना पर्याप्त नहीं, शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक राहत मिलनी चाहिए। कलक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की स्थिति, कार्रवाई और शेष कार्य की जानकारी ली। बिजली, पेयजल, सड़क, अतिक्रमण सहित विभिन्न शिकायतों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, नगर परिषद राजसमंद और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ प्रकरणों में उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सीधे संवाद कर वस्तुस्थिति जानी और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा शिकायतों को दोबारा लंबित नहीं होने देने पर जोर दिया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वा, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, उपखंड अधिकारी राजसमंद ओम प्रभा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Updated on:
26 Aug 2026 06:01 am
Published on:
26 Aug 2026 06:01 am