
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 27 मिलीमीटर बारिश लूणकरणसर (बीकानेर) में रिकॉर्ड की गई।
वर्तमान में राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है, जिसके प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में 13 से 15 अक्टूबर के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ भागों में मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात के साथ-साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बैक-टू-बैक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने की उम्मीद है, जिससे ठंडक का अहसास और बढ़ेगा।
उदयपुर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। अब तक आधी रात के बाद महसूस होने वाली ठंडक देर शाम से ही असर दिखाने लगी है। दूसरी ओर, दिन में तेज धूप और गर्मी का असर बरकरार है। अधिकतम तापमान अब भी 35 से 36 डिग्री बना हुआ है। यानी शहर में दिन और रात के मौसम के बीच अंतर साफ नजर आने लगा है।
पिछले करीब एक सप्ताह से उदयपुर शहर का न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री के बीच बना हुआ था, जो अब घटकर 17 से 18 डिग्री के स्तर पर आ गया है। मौसम के इस बदलाव से रात में ठंडक का दायरा बढ़ा है। हालांकि दिन के तापमान में अभी ऐसी गिरावट नहीं आई है, जिससे गर्मी से राहत मिल सके। दोपहर में धूप का असर लोगों को गर्मी का अहसास करा रहा है।
मौसम के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री दर्ज किया था। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 35.9 डिग्री और न्यूनतम 18.6 डिग्री हो गया। इस तरह एक दिन में अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
न्यूनतम तापमान हाल के दिनों के मुकाबले कम स्तर पर बना हुआ है। मौसम के आंकड़ों के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। इससे साफ है कि दिन में गर्मी का असर सामान्य से ज्यादा है, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 अक्टूबर दोपहर के समय शहर व आसपास के क्षेत्रों में मामूली बारिश हो सकती है। हालांकि बारिश की संभावना सीमित है। कहीं-कहीं खंडवर्षा के रूप में बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से अगले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में फिलहाल रात में महसूस हो रही ठंडक के प्रभाव में कुछ कमी आना संभव है। हालांकि दिन के तापमान और धूप से राहत कब मिलेगी, यह आगामी दिनों के मौसम पर निर्भर करेगा।