
Weather Update : बीकानेर में बारिश का दृश्य। फाइल फोटो - ANI
Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार 13-14 अक्टूबर को पुनः बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30-40 KMPH की गति संग तेज हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां आगामी तीन-चार दिन जारी रहने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही राज्य के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।
राजस्थान में 11 अक्टूबर के मौसम अपडेट के अनुसार आज वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में पाकिस्तान के मध्य भागों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों में एक ट्रफ लाइन बनी हुई है तथा अरब सागर की खाड़ी से हवाओं के साथ नमी की आपूर्ति हो रही है। आज बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही 30-40 KMPH की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे डबल अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत तीन घंटे के अंदर बीकानेर, फलोदी एवं जैसलमेर जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चूरू, नागौर, सीकर एवं झुंझुनू जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश करनपुर, गंगानगर में 20 MM दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान पिलानी में 38.8 डिग्री सेल्सियस व निम्नतम न्यूनतम तापमान सिरोही 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की विशेष कृषि सलाह के अनुसार किसान और व्यापारी बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में खुले आसमान में तैयार फसलों को भीगने से बचाने के समुचित उपाय करें। कृषि व उपज मंडियों में भी खुले आसमान में रखें अनाज/जिंसों को भीगने से बचाने के समुचित उपाय करें।
Updated on:
11 Oct 2026 07:33 pm
Published on:
11 Oct 2026 07:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
