उदयपुर

उदयपुर शहर का तापमान 42 डिग्री से ऊपर, ऐसी गर्मी में इतने घण्टों की बिजली कटौती ने किया लोगों का हाल बेहाल

उदयपुर . शहर का तापमान 42 डिग्री से ऊपर चल रहा है। गर्मी से आमजन परेशान हैं।
2 min read
May 18, 2018
udaipur temperature weather, summer in udaipur
उदयपुर शहर का तापमान 42 डिग्री से ऊपर, ऐसी गर्मी में इतने घण्टों की बिजली कटौती ने किया लोगों का हाल बेहाल

धीरेन्द्र जोशी / उदयपुर . शहर का तापमान 42 डिग्री से ऊपर चल रहा है। गर्मी से आमजन परेशान हैं। जब पंखे और कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे में मानसून पूर्व रखरखाव के नाम पर शहर के अधिकतर फीडरों ने बिजली बंद कर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली बंद का समय भी तय नहीं, वहीं शहर में कहीं पांच तो कहीं आठ घंटे तक कटौती की जा रही है। यह कटौती झुलसा देने वाली गर्मी में कोढ़ में खाज का अनुभव हो रहा है।


यह काम होता है
वर्ष में दो बार रखरखाव के नाम पर शट डाउन लिया जाता है। एक मानसून पूर्व और दूसरा दीपावली से पूर्व। शहरी क्षेत्रों के फीडर की लाइन चार से छह किलोमीटर तक होती है। रूरल क्षेत्रों में यह लाइन 20 किलोमीटर तक हो सकती है। रखरखाव के दौरान पेड़ों की छंगाई, लाइनों का रखरखाव, कंडक्टर की जांच सहित अन्य प्रकार की कमियों को दूर किया जाता है।


सुबह-शाम हो कटौती
गत वर्ष रखरखाव के लिए बिजली कटौती छह घंटे से अधिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस बार इस संबंध में कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं। ऐसे में कई फीडर पर छह घंटे से भी अधिक समय के लिए बंद किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली बंद करनी ही है तो समय कम करने के साथ ही सुबह 11 बजे तक और शाम को 4 बजे बाद बिजली बंद की जाए। इससे लोगों को कुछ तो राहत मिलेगी।


पारा 42.2 डिग्री
डबोक स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया।

170 जीएसएस जिले में
29 शहरी क्षेत्र में
141 ग्रामीण क्षेत्र में
698 फीडर जिले में
124 शहरी क्षेत्र में
574 ग्रामीण क्षेत्र में

बिजली बंद रहेगी :
छह घंटे
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक : पुरोहितों की मादड़ी, मादड़ी का पूरा आइटी क्षेत्र, पीआइ इंडस्ट्रीज, मेकडोनल्ड, एफसीआई, ऐसोसिएट सॉफ्ट स्टोन, वैस्टर्न ड्रग, राजकेसरी मैटल, अवनी, कोठारी प्लास्टर और आसपास के क्षेत्र।

Published on:
18 May 2018 03:32 pm