उदयपुर

उदयपुर : रविवार से ज्यादा पर्यटक 15 अगस्त को, सज्जनगढ़ में पार्किंग फुल होने से 2 घंटे एंट्री रोकनी पड़ी, मई के बाद सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंचे

उदयपुर में 15 अगस्त और 16 अगस्त के लंबे वीकेंड पर पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ रही, मई के बाद यह सीजन का सबसे व्यस्त पर्यटन वीकेंड रहा। सज्जनगढ़ पैलेस में पार्किंग फुल होने पर करीब 2 से ढाई घंटे पर्यटकों की एंट्री रोकनी पड़ी, जबकि सिटी पैलेस और सहेलियों की बाड़ी में भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।
2 min read
Aug 17, 2026
pichhola lake
सज्जनगढ़ में पा​र्किंग फुल होने से 2 घंटे एंट्री रोकनी पड़ी, मई के बाद सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंचे

उदयपुर. पर्यटन के लिहाज से यह वीकेंड इस सीजन का सबसे गुलजार वीकेंड रहा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त को रविवार के अवकाश के चलते रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसी के साथ उदयपुर में इस मौसम के पर्यटन सीजन का श्री गणेश हो गया। यहां के ऐतिहासिक सज्जनगढ़ पैलेस, बायोलॉजिकल पार्क, सहेलियों की बाड़ी और सिटी पैलेस में पर्यटकों की जमकर रेलमपेल रही। लगभग होटल फुल रही और अपनी अधिकतम बुकिंग के साथ चली। दूसरी ओर रविवार को शहर में वीआईपी मुवमेंट के चलते भी ट्रेफिक जाम जैसी स्थिति रही।

सज्जनगढ़ फोर्ट में 15 अगस्त को कुल 4,544, 16 अगस्त को 3,724 पर्यटक पहुंचे, वहीं 15 अगस्त को सुहावने मौसम के कारण पर्यटकों की संख्या सामान्य दिनों के औसत से लगभग दोगुनी रही, जो अप्रेल से अगस्त तक के वर्तमान सीजन में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। दूसरी ओर, सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में 15 अगस्त को 1,699 और 16 अगस्त को 1,810 पर्यटकों ने विजिट किया। इतनी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से सज्जनगढ़ पैलेस के रास्ते में जाम की स्थिति बन गई और पर्यटकों का प्रवेश कुछ घंटों के लिए बंद करना पड़ा।

वन विभाग के रेंजर विनोद तंवर के मुताबिक भीड़ को मैनेज करने के लिए वन विभाग और मौके पर तैनात स्टाफ ने बैरिकेडिंग कर पर्यटकों और वाहनों को पार्किंग की ओर व्यवस्थित ढंग से डायवर्ट करना पड़ा। फोर्ट पर पार्किंग क्षमता सीमित होने के कारण जगह भरते ही जाम की स्थिति से बचने के लिए व्यवस्था को लगभग दो से ढाई घंटे के लिए अस्थायी रूप से रोकना भी पड़ा।

वहीं सीटी पैलेस में भी इस वीकेंड पर्यटकों ने मेवाड़ की विरासत और इतिहास को जमकर निहारा। यहां 15 अगस्त को करीब 8500 और 16 अगस्त को 7000 टूरिस्ट पहुंचे। यहां रविवार से ज्यादा पर्यटक 15 अगस्त को आए। सिटी पैलेस में निकलने के बाद पर्यटकों ने जमकर खरीददारी की और उदयपुर के स्ट्रीट फुड और पारम्परिक जायके का जमकर स्वाद चखा। जगदीश मंदिर, गणगौर घाट, और अमराई घाट पर पैर धरने की जगह नहीं थी। यहां सुहाने मौसम में सैलानियों ने फोटोग्राफी की।

पर्यटकों का आंकड़ा

पर्यटक स्थल 15 अगस्त 16 अगस्त

सिटी पैलेस 8500 7000

सहेलियों की बाड़ी 5702 5943

सज्जनगढ़ पैलेस 4554 3724

बायोलॉजिकल पार्क 1699 1810

यह हैं शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल

सिटी पैलेस

झील पिछोला के किनारे स्थित सिटी पैलेस उदयपुर की शाही विरासत और वास्तुकला का शानदार उदाहरण है। महलों, आंगनों और संग्रहालयों के साथ यहां से झील और शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।

2. लेक पिछोला

लेक पिछोला उदयपुर की पहचान मानी जाती है और इसकी खूबसूरती पर्यटकों को खासा आकर्षित करती है। नाव की सवारी के दौरान जग मंदिर, जग निवास और आसपास की पहाड़ियों का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है।

3. सज्जनगढ़ पैलेस (मानसून पैलेस)

अरावली की पहाड़ी पर स्थित सज्जनगढ़ पैलेस से उदयपुर शहर और आसपास की झीलों का शानदार नजारा मिलता है। मानसून के मौसम में बादलों और हरियाली के बीच इसकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है।

4. सहेलियों की बाड़ी

सहेलियों की बाड़ी फव्वारों, हरे-भरे बगीचों और ऐतिहासिक कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध है।महाराणा संग्राम सिंह द्वितीय ने इसे राजघराने की महिलाओं के मनोरंजन और विश्राम के लिए बनवाया था।

5. जगदीश मंदिर

सिटी पैलेस के पास स्थित जगदीश मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित उदयपुर का प्रसिद्ध ऐतिहासिक मंदिर है। मंदिर की नक्काशीदार वास्तुकला और ऊंची शिखर शैली पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।

Updated on:
17 Aug 2026 06:16 pm
Published on:
17 Aug 2026 06:16 pm