उज्जैन

तीन घंटे देर से पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, लौट गए कार्यकर्ता, नहीं जुटी अपेक्षाकृत भीड़

रात ११ बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सिंह बोले कि कार्यकर्ताओं के पसीने से सींची हुई सरकार हम सपने में भी कांग्रेस या किसी अन्य दल के पास न जाने दें
2 min read
May 13, 2018
patrika
रात ११ बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सिंह बोले कि कार्यकर्ताओं के पसीने से सींची हुई सरकार हम सपने में भी कांग्रेस या किसी अन्य दल के पास न जाने दें

उज्जैन। मैं भाजपा का छोटा सा कार्यकर्ता रहा हूं, कार्यकर्ता का दर्द अच्छे से जानता हूं, लेकिन अब आप पूरे मनोबल के साथ चौथीं बार सरकार बनाने जनता के बीच उतर जाएं। आपके स्वाभिमान की चिंता ये राकेश सिंह करेगा। कुछ इसी अंदाज में शनिवार रात ११ बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने फ्रीगंज स्थित लोकशक्ति कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का संबोधित किया। वे बोले कि कार्यकर्ताओं के पसीने से सींची हुई सरकार हम सपने में भी कांग्रेस या किसी अन्य दल के पास न जाने दें। चुनावी बिगुल बज चुका, अब रणभूमि में डट जाएं। इससे पहले शाम ५ बजे उन्हें रैली में पहुंचना था, लेकिन अन्य शहरों में स्वागत कराते कराते वे ३ घंटे विलंब से पहुंचे। इस बीच सैकड़ों ग्रामीण कार्यकर्ता वापस लौट गए। बाद में शहरभर में बने मंचों से थके-हारे मन से स्वागत हुए और फटाफट रैली आगे बढ़ाई गई।
प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह खुली जीप में सवार होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते चले। देवास रोड पुलिस ऑफिसर्स मेस से शुरू हुई रैली टॉवर, इंदौर गेट, दौलतगंज, निकास, कोयला फाटक होते हुए लोकशक्ति कार्यालय पहुंची। रास्ते भर पुष्पवर्षा होती रही। रैली में ६ डीजे, ४ कड़ाबीन, सैकड़ों दो पहिया, फुल तोप व दर्जनों चार पहिया वाहन शामिल रहे।
सभा में ये भी बोले प्रदेशाध्यक्ष सिंह
- ५.५० लाख की आबादी वाला उज्जैन अब पहले जैसा नहीं, ये अब किसी राजधानी जैसा लगता है।
- एेतिहासिक बहुमत लाना है या आसपास सीट लाकर जीतना है, कार्यकर्ता बोले एेतिहासिक।
- सिंह ने नारा लगाया अबकी बार...कार्यकर्ता दोनों हाथ ऊंचे कर बोले २०० पार।
- सिंह बोले चौथी बार, कार्यकर्ता बोले भाजपा की सरकार।
- हमें जनता को बताना होगा २००३ के पहले का मप्र और अब कैसा है। १४ सालों में हमने जो किया वह बताना होगा।
- युद्ध में जितता वह है जिसके पास साहस हो, और ये किसके पास होता है, जिसके पास नैतिकता हो। और ये हमारे पितृ पुरुषों से हमें मिली है।
रात ११.३० बजे संभागीय बैठक
प्रदेशाध्यक्ष ने अरविंद नगर स्थित मनोरमा परिसर में रात ११.३० बजे संभागभर से आए सांसद, विधायक व अपेक्षित पदाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव के प्लान पर चर्चा की। वे बोले कि इस बार २९ में से २९ सीटें ही हमें जीतना है, तैयारी इस प्रकार से करें। बाद में सभी ने यहीं भोजन किया। प्रदेशाध्यक्ष सिंह रविवार सुबह महाकाल दर्शन करने जाएंगे।

Updated on:
13 May 2018 01:09 am
Published on:
13 May 2018 08:00 am