यूपी न्यूज

दिन में रेकी कर रात में गोवध करने वाले बदमाशों संग मुठभेड़, पैर में गोली मारकर पुलिस ने दबोचा

मुबारकपुर पुलिस संग पशु तस्करों की मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिससे वे घायल हुए हैं...
2 min read
Mar 26, 2026
prostitution gang encounter arrest two accused in UP
UP Crime News | Image Source - Social Media 'Pinterest'

आजमगढ़: मुबारकपुर पुलिस संग पशु तस्करों की मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिससे वे घायल हुए हैं। आरोपी ग्राम बम्होर में प्रतिबंधित पशु के बछड़े की चोरी कर उसका वध करने और मांस बेचने के मामले में फरार चल रहे थे। घायल बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बछड़ा चोरी कर किया था वध

जानकारी के मुताबिक, 21 मार्च को बम्होर निवासी उषा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 20 मार्च की रात आम के उनके बगीचे से अज्ञात लोगों ने एक बछड़ा चोरी कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में बछड़े का वध कर उसके मांस को वही बगीचे में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई थी।

पुलिस पार्टी पर की फायरिंग

पुलिस की जांच में सामने आया कि इमरान और कासीद नाम के दो आरोपी जो इस गांव के रहने वाले हैं, उन्होंने ही इस घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद 25 मार्च की देर रात थाना प्रभारी शशि मौली पांडे और पुलिस टीम क्षेत्र में गस्त कर रही थी। इसके बाद मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध बावन बीघा मैदान के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की और बाइक से आ रहे बदमाशों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती

आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। बताया जा रहा है कि दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में इलाके में रेकी करते थे और रात में पशु चोरी कर उनका वध कर उनके मांस को ₹400 ₹500 प्रति किलो के हिसाब से बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
26 Mar 2026 11:07 am
Published on:
26 Mar 2026 11:07 am