वाराणसी

एयर शो में पहली बार होगी ‘प्रचंड’ गर्जना, एक साथ 20 लाख लोग देखेंगे वायु सेना की ताकत, थल सेना-नेवी भी होगी शामिल

Indian Air Force News: वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' की थीम पर एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राफेल, सुखोई, तेजस और प्रचंड हेलीकॉप्टर जैसे विमान करतब दिखाएंगे
3 min read
• •
Oct 20, 2026
Varanasi latest news
जानकारी देते अधिकारी, (Pc-Vijendra Mishra)

Varanasi Air Show:वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' की थीम पर एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राफेल, सुखोई, तेजस और प्रचंड हेलीकॉप्टर जैसे विमान करतब दिखाएंगे। वहीं, सूर्य किरण और सारंग की टीमें भी हिस्सा लेंगी, लेकिन सबसे खास बात यह है कि एक साथ वायुसेना के 6 फाइटर जेट्स उड़ान भरेंगे, जिन्हें प्रचंड की कैटेगरी में बांटा गया है। अभी तक पूरे देश में आयोजित एयर शो में एक साथ यह करतब किसी ने नहीं देखा होगा। वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि इस एयर शो में दिखाए जाने वाले करतब के पीछे पायलट्स, इंजीनियर्स और तकनीकी कर्मचारियों की कड़ी मेहनत निखर कर सामने आएगी।

क्या होगा खास

एयर फोर्स के अधिकारियों ने बताया कि 'प्रचंड' थीम के दौरान सुखोई 30, राफेल, जैगुआर, एम-2000, एलसीए और मिग-29 के एक-एक विमान एक साथ हवा में उड़ान भरेंगे। इससे पहले एयर शो के दौरान इस तरह का नजारा कभी भी देखने को नहीं मिला है। यह सिर्फ पहली बार काशी में ही देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि वायु सेना की स्थापना के 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर इस कार्यक्रम में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी हिस्सा लेंगी। सूर्य किरण टीम अपने विमान के साथ आसमान में शानदार करतब दिखाएंगे, जबकि सारंग टीम हेलीकॉप्टर के जरिए रोमांच का प्रदर्शन करेगी। दोनों टीमों की उड़ान तालमेल और अनुशासन के लिए जानी जाती है। सबसे खास बात यह है कि एयर फोर्स के अलावा थल सेना दो हेलीकॉप्टर और नेवी के भी दो हेलीकाप्टर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

युवाओं को मिलेगी प्रेरणा

एयरफोर्स के मुताबिक, यह आयोजन सिर्फ हवाई करतब तक ही सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए लोगों को वायु सेना की तैयारी, आधुनिक तकनीक और जवानों की मेहनत को करीब से समझने का मौका मिलेगा। खास तौर पर युवाओं को विमान, एयरोस्पेस तकनीकी और वायु सेवा में करियर बनाने के अवसरों के बारे में जागरूक किया जाएगा। सिर्फ वायु सेना ही नहीं बल्कि आर्म्ड फोर्सेज के लिए उन्हें इससे प्रेरणा मिलेगी। 'विंग्स ओवर गंगा' की थीम काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को एक साथ पेश करेगी। आसमान में विमानों की परफॉर्मेंस और नीचे बहती गंगा नदी का दृश्य इस आयोजन को खास बनाएगा। वायुसेना की तरफ से यह कार्यक्रम 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

11 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

वायुसेना, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त प्रेस वार्ता में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन ने एक साथ 20 लाख लोगों के एयर शो में शामिल होने की व्यवस्था कर रखी है। अलग-अलग घाटों पर अस्थाई थाने भी खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 11,900 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और व्यवस्था के लिए 32 जोन में बांटे गए हैं। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, एयर शो के दौरान सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गंगा नदी में नाव का संचालन पूरी तरीके से बंद रहेगा। केवल जल पुलिस, एनडीआरफ व एसडीआरएफ की टीम ही गंगा नदी में नाव चला सकती हैं। इसके अलावा 200 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी।

नदी में बोट एम्बुलेंस

मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने बताया कि उम्मीद है कि 22 अक्टूबर को पहले दिन का आयोजन होगा, इस दौरान करीब 12 लाख लोग इस आयोजन को देखने के लिए पहुंच सकते हैं। वहीं, 24 अक्टूबर को यह संख्या 14 लाख के आसपास हो सकती है। 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो के दौरान यह संख्या अधिकतम 15 या 16 लाख हो सकती है, लेकिन जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 20 लाख लोगों की व्यवस्था की है। मंडलायुक्त ने बताया कि इस दौरान आयोजन के लिए 57 मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है और आठ अस्थाई अस्पताल भी बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 39 एंबुलेंस की व्यवस्था की है। इसके अलावा नदी के रास्ते चिकित्सालय तक पहुंचाने के लिए 12 बोट एम्बुलेंस की भी तनाती की गई है।

Updated on:
20 Oct 2026 03:09 pm
Published on:
20 Oct 2026 03:09 pm