शाकाहारी

लड़कियों को जरूर खानी चाहिए ये चीज, खून की कमी होगी पूरी

पालक आयरन से भरपूर है और चना प्रोटीन से भरपूर है। आयरन खून की कमी पूरी करने में मदद करता है।
2 min read
• •
Updated: 13 Dec 2017, 4:52 PM IST
chana palak recipe
chana palak recipe

पालक आयरन से भरपूर है और चना प्रोटीन से भरपूर है। आयरन खून की कमी पूरी करने में मदद करता है। चना पालक खाने से खून की कमी पूरी होती है। यहां पढ़ें चना पालक बनाने की रेसिपी -

सामग्री -

पालक - 1 किग्रा. (1 बड़ा बन्च)
काबली चना - 180 ग्राम ( 1 कप )
टमाटर - 250 ग्राम (4-5 मीडियम साइज)
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1 इंच का टुकड़ा
तेल - 2 टेबल स्पून
हींग - 1-2 पिंच
जीरा - आधा छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - आधा छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
नमक - स्वादानुसार ( 1 छोटी चम्मच ऊपर तक भरी)
गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
हरा धनिया - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

विधि -

चने को साफ कीजिए, धोइए और ८-१० घंटे के लिए पानी में भिगो दीजिए। पालक की डंडिया तोड़ कर हटा लीजिए, पत्तो को २ बार डूबते पानी में धोकर निकाल कर छलनी में रख दीजिए ताकि पालक से अतिरिक्त पानी निकल जाए। धुले पालक को बारीक काट कर तैयार कर लीजिए।

टमाटर धोइए, बड़े टुकड़े में काट लीजिए। हरी मिर्च के डंठल तोड़ लीजिए। अदरक को छील कर धो लीजिए। सारी चीजों को मिक्सी से बारीक पीस लीजिए। टमाटर, हरी मिर्च, अदरक पेस्ट बनाकर किसी प्याले में रख लीजिए।

चने को कुकर में डालिए, आधा कप पानी डाल कर कुकर बन्द कीजिए, एक सीटी आने तक चने उबाल लीजिए। जब तक कुकर का प्रेशर खतम होता है तब तक पालक पका कर तैयार कर लेते हैं।

कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिए, गरम तेल में हींग जीरा डालिए, जीरा भुनने पर हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर, मसाले को हल्का सा भूनिए। भुने मसाले में टमाटर, हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट डालिए और लाल मिर्च पाउडर भी डाल दीजिए। मसाले को तब तक भूनिए जब तक कि मसाले के ऊपर तेल न तैरने लगे।

भुने मसाले में कटा हुआ पालक और नमक डाल कर अच्छी तरह चमचे से चलाते हुए तब तक मिलाइए जब तक पालक और सारे मसाले अच्छी तरह मिक्स न हो जाएं। पालक को ढककर ४ मिनिट पका लीजिए। ढक्कन हटा कर सब्जी को चला दीजिए।

यदि आप इस सब्जी को सूखी बनाना चाहते हैं तो खुला पालक तेज गैस पर ३-४ मिनिट पकने दीजिए ताकि पालक से निकला पानी जल कर थोड़ा कम हो जाए। यदि आप सब्जी को ग्रेवी बनाना चाहते हैं, तब एसे ही रहने दीजिए।

कुकर से चने निकालिए और पके हुए पालक मसाले में डालकर अच्छी तरह मिला दीजिए, सब्जी को ३ मिनिट ढककर पकने दीजिए, ताकि सारे मसाले चने के अन्दर तक चले जाएं। सब्जी को चैक कीजिए, सब्जी में पानी ज्यादा है तब उसे खुले ही २-३ मिनिट तक और पका लीजिए।

आप इस सब्जी को अपनी पसन्द के अनुसार पालक छोले की सूखी सब्जी भी बना सकते हैं और पालक छोले की करी भी।

चना पालक की सब्जी बन कर तैयार है, सब्जी में गरम मसाला और हरा धनिया डाल कर मिला दीजिए। चना पालक की सब्जी को चपाती, परांठा या नान या चावल के साथ परोसिये और खाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।