विदेश

थाईलैंड में मिली 2,000 साल पुरानी सोने की दो अंगूठियाँ, एक का भारत से कनेक्शन आया सामने

Ancient Gold Rings Found In Thailand: थाईलैंड में करीब 2,000 साल पुरानी सोने की दो अंगूठियाँ मिली हैं। इनमें से एक अंगूठी का भारत से कनेक्शन सामने आया है।
2 min read
Jul 07, 2026
2,000 year old gold ring found in Thailand
थाईलैंड में मिली 2,000 साल पुरानी सोने की अंगूठी (File Photo)

थाईलैंड (Thailand) के पश्चिमी हिस्से में पुरातत्वविदों को करीब 2,000 साल पुरानी दो सोने की अंगूठियाँ (Gold Rings) मिली हैं। ये खोज फेचाबुरी प्रांत के डॉन याई थोंग पुरातात्विक स्थल पर चल रही खुदाई के दौरान हुई। ये अंगूठियाँ मानव कंकालों के अवशेषों के साथ मिली हैं। माना जा रहा है कि ये किसी संपन्न व्यक्ति के अंतिम संस्कार से जुड़ी हो सकती हैं। थाईलैंड के फाइन आर्ट्स विभाग के अनुसार पिछले सप्ताह हुई खुदाई में मिली एक अंगूठी का भारत (India) से कनेक्शन सामने आया है।

क्या है भारत से कनेक्शन?

एक अंगूठी पर प्राचीन ब्राह्मी लिपि में लिखे अक्षर मिले हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ब्राह्मी एक प्राचीन भारतीय लिपि है। शुरुआती जांच में इस लेख को 'पुसारखितसा' पढ़ा गया है, जिसका अर्थ है 'पुष्य द्वारा संरक्षित।' पुष्य भारतीय ज्योतिष के सबसे शुभ नक्षत्रों में से एक माना जाता है।

अंगूठियाँ व्यापारी समाज से संबंधित!

एक अंगूठी का भले ही भारत से कनेक्शन है, लेकिन दूसरी अंगूठी का भारत से कोई कनेक्शन नहीं है। दूसरी अंगूठी पर कोई खास डिज़ाइन या संदेश नहीं है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये अंगूठियाँ उस समय के व्यापारी समाज से जुड़े किसी व्यक्ति की हो सकती है। इस खोज से भारत और थाईलैंड के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक या व्यापारिक संबंधों के भी संकेत मिलते है।

8 मानव कंकाल भी निकले

फरवरी से चल रही खुदाई में अब तक 8 मानव कंकाल भी मिल चुके हैं। इनके साथ कांस्य और सोने के आभूषण, मिट्टी के बर्तन और कई अन्य प्राचीन वस्तुएं भी मिली हैं। इन खोजों से एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह स्थान अमीर या उच्च वर्ग के लोगों के औपचारिक अंतिम संस्कार के लिए इस्तेमाल किया जाता था।

अगले महीने खोजों की होगी प्रदर्शनी

इस साल स्थानीय लोगों को एक धान के खेत में प्राचीन कांस्य ड्रम के टुकड़े मिले थे। इसके बाद इस इलाके में बड़े स्तर पर खुदाई शुरू की गई। एक्सपर्ट्स ने इस स्थल को थाईलैंड के आयरन एज का बताया, जो लगभग 1,500 से 2,500 वर्ष पहले का समय माना जाता है। खुदाई अगले एक महीने में पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद फाइन आर्ट्स विभाग इन सभी खोजों को आम लोगों के लिए एक प्रदर्शनी में प्रदर्शित करेगा।

Updated on:
07 Jul 2026 02:28 am
Published on:
07 Jul 2026 02:28 am