
Plane Crash: अमेरिका से दो दर्दनाक विमान हादसों की खबर सामने आई है। पहला बड़ा हादसा पश्चिमी अलास्का के एक दूर-दराज इलाके में हुआ, जहां एक छोटा चार्टर प्लेन अचानक क्रैश हो गया। इस हादसे में प्लेन में सवार सभी 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दो पायलट और छह यात्री शामिल थे।
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और अलास्का कमांड ने इस बात की पुष्टि की है। इसके अलावा, एक अन्य घटना में पेंसिल्वेनिया में भी दो विमानों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई।
NTSB के अलास्का प्रमुख क्लिंट जॉनसन के अनुसार, यह चार्टर प्लेन एंकोरेज से उड़ान भरकर केप न्यूएनहैम जा रहा था। केप न्यूएनहैम का यह एयरस्ट्रिप अमेरिकी एयरफोर्स का है, जो एक लॉन्ग-रेंज रडार स्टेशन को जोड़ता है। गंतव्य के बेहद करीब पहुंचकर विमान केप न्यूएनहैम एयरपोर्ट के पास जमीन से टकरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर, स्टेट ट्रूपर्स और NTSB की टीमों ने रेस्क्यू और जांच अभियान शुरू कर दिया है।
हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए अलास्का की सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर शोक संदेश पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि वे पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं और उन्होंने खुद इस एविएशन कंपनी के कई अनुभवी पायलटों के साथ यात्रा की है। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों का आभार व्यक्त किया।
अलास्का हादसे के साथ ही पेंसिल्वेनिया के कार्लिस्ले से भी एक विमान दुर्घटना की खबर आई है। यहां लैंडिंग का प्रयास कर रहा एक छोटा सेसना 150 विमान अचानक अपनी दिशा से भटक गया और रनवे के पास प्रशिक्षण अभ्यास कर रहे स्टेट पुलिस के हेलिकॉप्टर से जा टकराया। पुलिस के मुताबिक, उस समय हेलिकॉप्टर रनवे के पास घास वाले हिस्से के ऊपर हवा में स्थिर स्थिति में था, तभी अनियंत्रित होकर प्लेन उसके पिछले हिस्से से टकरा गया।
यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर पड़े। इस दर्दनाक हादसे में सेसना विमान के 57 वर्षीय पायलट पॉल विलियम सोकोलोस्की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेलिकॉप्टर में मौजूद दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी गई है।