डोनाल्ड ट्रंप अचानक ही हंगरी पर मेहरबान हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने हंगरी को कुछ ऐसा करने की छूट दे दी है जो अन्य देशों को भी नहीं दी।
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को रोकने के लिए अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) काफी कोशिश कर चुके हैं, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। ऐसे में कुछ दिन पहले ही उन्होंने रूस की दो बड़ी तेल कंपनियों रोसनेफ्ट और लुकोइल पर सख्त प्रतिबंध लगा दिए और साफ कर दिया कि जो भी देश रूस से तेल और गैस खरीदेगा, उन्हें इन प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा। लेकिन अब इस मामले में ट्रंप ने अचानक कुछ ऐसा कर दिया है जो शायद ही किसी ने सोचा होगा।
व्हाइट हाउस (White House) में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हंगरी (Hungary) के पीएम विक्टर ओरबान (Viktor Orban) से शुक्रवार को मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद वह अचानक ही हंगरी पर मेहरबान हो गए। अमेरिका ने हंगरी को बड़ी राहत देते हुए रूसी तेल और गैस खरीदने पर लगाए अपने प्रतिबंधों से एक साल के लिए छूट दे दी है।
गौरतलब है कि ट्रंप ने रूसी तेल और गैस की खरीद पर लगाए प्रतिबंधों से भारत (India), चीन (China) और यूरोपीय यूनियन (European Union) को भी छूट नहीं दी है। ट्रंप अक्सर ही इन देशों पर रूस से तेल और गैस न खरीदने का दबाव बनाते रहते हैं।