
Nepal Flash Floods : काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस आपदा के बीच एक ब्रिटिश नागरिक अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश में नेपाल पहुंचा है। इस दौरान पत्नी के उन आखिरी और भावुक शब्दों को याद किया है, जो उसने लापता होने से ठीक पहले कहे थे। 'मेट्रो यूके' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमोद पौडेल ने बताया कि उनकी अपनी पत्नी से आखिरी बार बुधवार दोपहर 4:15 बजे बात हुई थी। फोन पर पत्नी ने उनसे कहा था कि 'आप कैसे हैं? मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं'।
यह उनकी आखिरी बातचीत साबित हुई। प्रमोद की पत्नी नेपाल के सोल गांव में उनके परिवार के साथ रह रही थी, जो इस प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक है। 34 वर्षीय प्रमोद ने बताया कि इस भीषण बाढ़ के बाद से उनका अपने परिवार के किसी भी सदस्य से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
पौडेल अब नेपाल पहुंच चुके हैं और अपनी पत्नी के साथ मां, भाई और चाचा की तलाश कर रहे हैं। उनकी मां की उम्र 52 वर्ष, भाई की 31 वर्ष और चाचा की उम्र 64 वर्ष है। बाढ़ के बाद से चारों का कोई पता नहीं चल पाया है। पौडेल ने द सन से बातचीत में कहा कि उन्हें अपने परिजनों के मिलने की पूरी उम्मीद है, लेकिन वह भगवान से भी प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने बीबीसी रेडियो ससेक्स से बातचीत में कहा कि इस समय उनके परिवार और देश के लिए बेहद मुश्किल दौर है, लेकिन उन्हें नेपाल जाकर हालात देखने ही होंगे।
नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने स्थिति की गंभीरता बताते हुए कहा कि देश को इस तबाही से उबरने और बुनियादी ढांचे को फिर से खड़ा करने के लिए 4 से 5 अरब डॉलर की जरूरत पड़ सकती है। यह राशि नेपाल की कुल अर्थव्यवस्था का लगभग 10वां हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्राथमिक आकलन है और नुकसान का सटीक अंदाजा लगाया जा रहा है। हालांकि, यह नुकसान 2015 में आए विनाशकारी भूकंप से कम है।