अगले साल G20 शिखर सम्मेलन भारत में होने वाला है। रिपोर्ट के अनुसार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के इसमें शामिल होने की अच्छी संभावना है।
G20 देशों के हर साल होने वाले शिखर सम्मेलन (G20 Summit) का 2022 सम्मेलन पिछले महीने ही इंडोनेशिया (Indonesia) के बाली (Bali) में हुआ है। अगले साल होने वाले इस सम्मेलन की अध्यक्षता की ज़िम्मेदारी भारत (India) को मिली है। इस साल हुए G20 शिखर सम्मेलन के आखिरी दिन भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को 2023 में होने वाले इस शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता सौंपी गई थी। अगले साल भारत में होने वाले G20 देशों के इस शिखर सम्मेलन में रूस (Russia) के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) भी शामिल हो सकते है।
पुतिन के शामिल होने की है अच्छी संभावना
रूस के राष्ट्रपति ने इस साल हुए G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लिया था। यूक्रेन के खिलाफ रूस द्वारा छेड़ी गई जंग की वजह से दुनियाभर में पुतिन के विरोध और वेस्ट के खिलाफ उनके टकराव के चलते रुसी राष्ट्रपति ने इस साल के सम्मेलन में हिस्सा नहीं लिया था। अगले साल का G20 शिखर सम्मेलन सितंबर 2023 में नई दिल्ली में होगा। G20 में रूस के लीडर की प्रतिनिधि स्वेतलाना लुकाश (Svetlana Lukash) ने इस बारे में रूस की न्यूज़ एजेंसी को जानकारी देते हुए बताया कि रुसी राष्ट्रपति के भारत में अगले साल होने वाले G20 शिखर सम्मेलन मेंशामिल होने की अच्छी संभावना है। हालांकि स्वेतलाना ने इस बारे में 100% पुष्टि नहीं की, पर यह साफ कर दिया कि पुतिन भारत में होने वाले इस सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं।
भारत से अच्छे संबंध हैं वजह
रूस के भारत से अच्छे संबंधों की वजह से ही रुसी राष्ट्रपति पुतिन अगले साल भारत में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले सकते है। यूक्रेन के खिलाफ जंग के चलते जहाँ कई देशों ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए, वहीँ भारत ने इन प्रतिबंधों में अन्य देशों का साथ नहीं दिया। भारत ने यूक्रेन में हो रहे हमलों की निंदा ज़रूर की और शांति से मामले को सुलझाने की अपील की, पर UNSC की मीटिंग्स में भी रूस के खिलाफ वोट न करके रूस के साथ अपनी दोस्ती निभाई। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने भी भारत के इस समर्थन की समय-समय पर तारीफ की। साथ ही भारत के साथ अपने संबंधों को और मज़बूत भी किया और भारत को अपना सच्चा साथी भी बताया। भारत के साथ अच्छे संबंधों की वजह से ही रूस ने भारतीय नागरिको को यूक्रेन से निकालने के लिए कुछ समय के लिए हमलों में ब्रेक भी दिया। ऐसे में अगले साल भारत में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में रुसी राष्ट्रपति पुतिन की उपस्थिति दोनों देशों के संबंधों की मिसाल बन सकता है।