विदेश

चीन में नौल तूफान का खतरा, रेड अलर्ट जारी, गुआंगदोंग तट से टकराने की आशंका

Typhoon Noul China: चीन में 'नौल' तूफान को लेकर सबसे बड़ा रेड अलर्ट जारी हुआ। गुआंगदोंग प्रांत के तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका।
2 min read
• •
Jul 26, 2026
Severe Storm China, Natural Disaster China, Coastal Area Alert China
नौल तूफान का खतरा, चीन में रेड अलर्ट जारी | फोटो सोर्स-x(@ClimaTecnoyMas)

China Red Alert: चीन पर इस वक्त एक बड़ा प्राकृतिक संकट मंडरा रहा है। चीन के मौसम विभाग ने भीषण तूफान 'नौल' के तेजी से तटीय इलाकों की तरफ बढ़ने के कारण 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। आपको बता दें कि रेड अलर्ट चीन की तूफान चेतावनी प्रणाली का सबसे खतरनाक और उच्चतम स्तर माना जाता है, जो किसी बड़े खतरे के आने से पहले जारी किया जाता है।

चीन में तूफान 'नौल' का खतरा, सबसे बड़ा अलर्ट जारी

चीन की राष्ट्रीय मौसम वेधशाला ने तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रहे 'नौल' तूफान को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। चीन में मौसम और तूफान की चेतावनियों में रेड अलर्ट को सबसे ऊंचे और खतरनाक स्तर पर रखा जाता है। मौसम विभाग ने शनिवार देर रात एक चेतावनी जारी कर बताया कि यह इस साल का 12वां तूफान है, जिसके दक्षिणी चीन के गुआंगदोंग प्रांत के समुद्री तट से टकराने की पूरी आशंका है।
शनिवार रात को मौसम केंद्र ने जानकारी दी कि तूफान का केंद्र गुआंगदोंग के हुइझोउ शहर के पास समुद्र में करीब 100 किलोमीटर दूर था। उस समय इसके केंद्र के पास हवाओं की रफ्तार बेहद तेज थी, जो फोर्स 14 तक दर्ज की गई थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह तूफान लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा। समुद्र में आगे बढ़ने के साथ ही इसकी ताकत और ज्यादा बढ़ने की संभावना है, लेकिन जमीन (तट) से टकराने के बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ जाएगा और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा।

किन-किन इलाकों में दिखेगा तूफान का असर?

इस तेज तूफान को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम शुरू कर दिए हैं। राज्य के बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने गुआंगदोंग प्रांत के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया को बढ़ाकर लेवल-III कर दिया है। इसके साथ ही जियांग्शी और हुनान जैसे पड़ोसी प्रांतों में भी बाढ़ से निपटने के लिए लेवल-IV का आपातकालीन अलर्ट लागू कर दिया गया है।
चीन में मौसम की गंभीर स्थितियों से निपटने के लिए रंगों के आधार पर चार स्तरों वाली प्रणाली काम करती है। इसमें 'रेड अलर्ट' को सबसे विनाशकारी माना जाता है, जबकि इसके बाद ऑरेंज, येलो और ब्लू अलर्ट का नंबर आता है। इस बार तूफान का असर चीन के एक बड़े हिस्से पर पड़ने वाला है, जिसमें पूर्वी, मध्य और दक्षिणी चीन के फुजियान, जियांग्शी, हेनान, हुबेई, हुनान, गुआंगदोंग और गुआंग्शी जैसे इलाके शामिल हैं।

हांगकांग में भी असर, उड़ानें और ट्रेनें रद्द

तूफान 'नौल' का असर सिर्फ चीन के मुख्य हिस्सों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके पड़ोसी क्षेत्र हांगकांग में भी भारी तैयारी शुरू कर दी गई है। हांगकांग के मौसम अधिकारियों ने शनिवार से ही सुरक्षा उपाय करने शुरू कर दिए थे। खराब मौसम और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए 410 से ज्यादा हवाई उड़ानों को रोक दिया गया है और 150 से अधिक हाई-स्पीड ट्रेनों का संचालन भी रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा, आम जनता को सुरक्षित रखने और आपातकालीन स्थिति में मदद पहुंचाने के लिए गृह मामलों के विभाग ने शहर में 28 राहत केंद्र खोल दिए हैं।

Updated on:
26 Jul 2026 09:50 am
Published on:
26 Jul 2026 08:25 am