विदेश

ट्रंप का बड़ा दावा- किम जोंग उन को ओबामा-बाइडन नहीं, मैं पसंद, इसी साल होगी मुलाकात!

Donald Trump ने कहा कि वह इसी साल Kim Jong Un से मुलाकात करेंगे। ट्रंप ने कहा कि किम जोंग उन को ओबामा और बाइडन पसंद नहीं थे, लेकिन उनके साथ अच्छे संबंध हैं।
2 min read
Aug 20, 2026
Trump Kim Jong Un Meeting
राष्ट्रपति ट्रंप ​किम जोंग उन से करेंगे मुलाकात, photo source@IANS

US North Korea Relations: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी इस साल के अंत तक उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन से मुलाकात प्रस्तावित है। ट्रंप ने किम के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर कोरियाई नेता उन्हें पसंद करते हैं। व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह इस साल के अंत में किम जोंग उन से मुलाकात की उम्मीद कर रहे हैं। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, उनसे मुलाकात करूंगा।

नवंबर में मुलाकात के संकेत

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप और किम जोंग उन की मुलाकात नवंबर में चीन के शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है। एक दिन पहले द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ट्रंप अपने सहयोगियों पर किम जोंग उन के साथ संभावित बैठक की तैयारी के लिए दबाव डाल रहे हैं।

ट्रंप ने मीडिया को उत्तर कोरिया के साथ दोबारा बातचीत शुरू करने की अपनी योजना को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी। संवाददाताओं के पूछे जाने पर कि क्या वह किम के साथ पत्रों के माध्यम से संपर्क में हैं, ट्रंप ने इस बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया।

अच्छे संबंधों का किया जिक्र

ट्रंप ने कहा कि किम जोंग उन को बराक ओबामा और जो बाइडन पसंद नहीं थे। उन्होंने कहा, मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता, लेकिन जैसा कि आप जानते हैं, किम जोंग उन के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं। वे मुझे पसंद करते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप अपने पहले कार्यकाल के दौरान किम जोंग उन से तीन बार मुलाकात कर चुके हैं। वहीं, ट्रंप का यह बयान ऐसे वक्त पर आया है, जब अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावनाओं को लेकर अटकलें तेज हैं।

ट्रंप की प्रेस वार्ता से कुछ समय पहले किम जोंग उन की बहन किम यो-जोंग ने दक्षिण कोरिया-अमेरिका के जारी सैन्य अभ्यासों में कटौती पर कहा कि उत्तर कोरिया को इस कदम में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनके इस बयान को अमेरिका के साथ बातचीत दोबारा शुरू करने की संभावना के लिए एक संभावित संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Updated on:
20 Aug 2026 05:15 pm
Published on:
20 Aug 2026 05:14 pm