
North Sea Oil and Gas: ब्रिटेन ने उत्तरी सागर (North Sea) में जैकडॉ गैस फील्ड से गैस निकालने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बेहद खुश हैं। उन्होंने ब्रिटेन से पूरी ताकत के साथ गैस निकालने की अपील की है। ट्रंप का कहना है कि इससे ब्रिटेन दोबारा अमीर देश बन सकता है। साथ ही उन्होंने महंगी पवन चक्कियों को हटाने की सलाह भी दी है। सरकार के मुताबिक, इस परियोजना से ब्रिटेन का घरेलू गैस उत्पादन करीब 6 फीसदी बढ़ सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में ब्रिटेन के लिए इसे बड़ी खुशखबरी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तरी सागर दुनिया के सबसे समृद्ध तेल क्षेत्रों में शामिल है। ब्रिटेन को यहां पूरी ताकत से ड्रिलिंग करनी चाहिए। ट्रंप ने महंगी पवन चक्कियों को बेकार बताते हुए उन्हें हटाने की भी सलाह दी।
जैकडॉ गैस फील्ड को पहली बार 2022 में मंजूरी मिली थी। हालांकि, पर्यावरण से जुड़े विवाद के बाद स्कॉटलैंड की एक अदालत ने इस पर रोक लगा दी थी। अदालत ने गैस के इस्तेमाल से होने वाले प्रदूषण को लेकर सवाल उठाए थे। अब ब्रिटिश सरकार ने इस परियोजना को दोबारा मंजूरी दे दी है।
जैकडॉ गैस फील्ड एबरडीन से करीब 150 मील पूर्व में समुद्र के बीच स्थित है। यहां से अक्टूबर के आखिर तक गैस की सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है। पूरी क्षमता पर यह प्रोजेक्ट रोजाना करीब 40 हजार बैरल तेल के बराबर गैस पैदा कर सकती है। यह मात्रा लगभग 14 लाख घरों को गर्म रखने के लिए पर्याप्त बताई गई है।
इस परियोजना पर अब तक दो अरब पाउंड से ज्यादा खर्च हो चुके हैं। अनुमान है कि इससे ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को करीब 2.9 अरब पाउंड का फायदा होगा। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि इससे इस सर्दी में घरेलू गैस बिल कम नहीं होंगे। इसकी वजह यह है कि जैकडॉ से मिलने वाली गैस देश की कुल जरूरत का करीब 2 फीसदी ही होगी।