विदेश

“ईरान पर फिर से बमबारी कर देगा अमेरिका”, ट्रंप ने ईरानी विदेश मंत्री अराघची को दी धमकी

Trump Warns Araghchi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची को धमकी दी है। क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं।
2 min read
Jul 22, 2025
Donald Trump warns Abbas Araghchi
Donald Trump warns Abbas Araghchi (Photo - Patrika Network)

इज़रायल (Israel) और ईरान (Iran) के बीच पिछले महीने चले युद्ध में दोनों देशों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले किए। 12 दिन चले इस युद्ध में दोनों देशों को जान-माल का नुकसान हुआ। ईरानी परमाणु प्रोग्राम के खिलाफ इज़रायल ने ईरान पर हमले किए, तो ईरान ने भी इज़रायल पर जवाबी हमले किए और दोनों देशों में युद्ध छिड़ गया। इस युद्ध में इज़रायल का साथ देते हुए अमेरिका (United States Of America) ने भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर बमबारी की। हालांकि बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ही दोनों देशों के बीच सीज़फायर भी कराया। अब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) ने कुछ ऐसा कह दिया है जिससे ट्रंप को गुस्सा आ गया है।

परमाणु प्रोग्राम रहेगा जारी, यूरेनियम संवर्धन नहीं रुकेगा

ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने अपने परमाणु प्रोग्राम के बारे में बात करते हुए कहा कि वो अपने देश के परमाणु प्रोग्राम को बंद नहीं करने वाले। अमेरिका और इज़रायल नहीं चाहते कि ईरान परमाणु हथियार बनाए, लेकिन ईरान इस बात पर अदा है कि चाहे कुछ भी हो जाए, वो परमाणु प्रोग्राम जारी रखेगा। अराघची ने यह भी साफ कर दिया कि परमाणु प्रोग्राम के लिए ईरान यूरेनियम संवर्धन भी नहीं रोकेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ईरान के पास यूरेनियम का भंडार है। हालांकि इज़रायल और अमेरिकी बमबारी में ईरान के परमाणु ठिकानों और यूरेनियम के भंडारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन वो पूरी तरह से तबाह नहीं हुए हैं। ईरान लंबे समय से कहता आया है कि वो परमाणु हथियार नहीं बनाना चाहता, सिर्फ परमाणु ऊर्जा विकसित करके अपने देश के लिए उसका इस्तेमाल करना चाहता है।


ट्रंप ने दी धमकी

अराघची के इस बयान से ट्रंप को गुस्सा आ गया है। ट्रंप ने धमकी देते हुए कहा है कि अगर ईरान ने अपना परमाणु प्रोग्राम बंद नहीं किया और यूरेनियम संवर्धन को नहीं रोका, तो अमेरिका फिर से ईरान पर बमबारी कर सकता है।

US bombing Iranian nuclear sites (Photo - Patrika Network)
Updated on:
22 Jul 2025 04:35 pm
Published on:
22 Jul 2025 04:35 pm