
Pakistan Makes Emergency LNG Purchase : मिडिल ईस्ट के एनर्जी संकट से भारत ही नहीं,पाकिस्तान भी मुश्किल में आया है और उसने इमरजेंसी एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) खरीदी है। अहम बात यह है कि वह मौजूदा एशियाई स्पॉट LNG रेट से भी अधिक कीमत चुका रहा है। जबकि पहले वह स्पॉट LNG मार्केट से दूर रह कर एक जोखिम भरा खेल खेल रहा था। अब, कतर से होने वाले एक्सपोर्ट में कमी और सप्लाई को लेकर फैली अनिश्चितता के कारण, देश ने अपना रुख बदल लिया है और उसने तेजी से स्पॉट मार्केट में उतरने का फैसला किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान एलएनजी लिमिटेड ने मई में डिलीवरी के लिए जरूरी दो एलएनजी कार्गो के लिए कोई इमरजेंसी टेंडर जारी नहीं किया,यह एक ऐसी प्रक्रिया थी जिसे उसी महीने की शुरुआत में रोक दिया गया था। ध्यान रहे कि तनाव के कारण अपने मुख्य LNG सप्लायर, कतर से सप्लाई में रुकावट आने के बाद से पाकिस्तान की एनर्जी खरीद पर दबाव बना हुआ है, जिससे देश को हाल के महीनों में बार-बार स्पॉट मार्केट से खरीद पर निर्भर रहना पड़ा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BP Plc ने 30 जून से 4 जुलाई के बीच डिलीवरी के लिए $16.74 प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (BTU) की कीमत पर LNG कार्गो के लिए "अर्जेंट रिक्वेस्ट" जारी की है। मामले की जानकारी रखने वाले ट्रेडर्स के अनुसार, उसी दिन एशिया में स्पॉट LNG की कीमतें लगभग $15 प्रति मिलियन BTU थीं।
होर्मुज जलडमरूमध्य से कतर से तेल ले जा रहे एक जहाज पर शनिवार को हुए हमले के बाद स्थिति और बिगड़ गई और यह घटना सिंगापुर के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज पर हुए हमले के कुछ ही दिनों बाद हुई। शिपिंग डेटा से पता चला है कि इन घटनाओं के बाद, इस जलमार्ग से कतर का एलएनजी निर्यात लगभग पूरी तरह से रुक गया है, जिससे पाकिस्तान जैसे आयात पर निर्भर खरीदारों के लिए सप्लाई की स्थिति और भी खराब हो गई है।
पाकिस्तान ने शुरू में अलग तरीका अपनाया। जहां दूसरे देशों ने एनर्जी सप्लाई सुरक्षित करने के लिए तेजी से कदम उठाए, वहीं इस्लामाबाद ने हालात सुधरने का इंतजार किया। उसने जरूरी एलएनजी की खरीद इस उम्मीद में टाल दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावटें जल्द ही खत्म हो जाएगी और कतर से सस्ती एनएनजी की सप्लाई समय पर फिर से शुरू हो सकेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हालिया खरीद सप्लाई में पहले आई रुकावटों और इंपोर्ट की बढ़ती लागत के बीच की गई। पाकिस्तान LNG लिमिटेड को इमरजेंसी स्पॉट टेंडर का सहारा लेना पड़ा, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के कारण कतर से आने वाली एक शिपमेंट में रुकावट आई थी और उसे पहले रद्द भी कर दिया गया था। ट्रेडर्स के अनुसार, ऐसी ही एक डील में BP PLC से $19.1337 प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट की दर से LNG खरीदी गई, जो 2022 के बाद से पाकिस्तान द्वारा चुकाई गई सबसे अधिक कीमत है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान का कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स मई में पिछले साल के मुकाबले 11.7% बढ़ गया, जो अप्रैल में 10.9% था। यह पिछले दो साल का सबसे ऊंचा स्तर है, जिसकी मुख्य वजह एनर्जी इम्पोर्ट की बढ़ती लागत है। सरकारी कर्मचारियों के समूहों में पंजाब का 'ऑल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज ग्रैंड अलायंस' भी शामिल है, जिसने घटती क्रय शक्ति का हवाला देते हुए 2026-27 के फेडरल बजट से पहले राहत उपाय करने की मांग की है।
बहरहाल पाकिस्तान ने लगभग दो साल में दूसरी बार स्पॉट मार्केट में कदम रखा है। इससे पहले उसने अप्रैल में ऐसा किया था। एलएनजी इम्पोर्ट के लिए पाकिस्तान कतर पर बहुत अधिक निर्भर है। हालाांकि, मौजूदा रुकावटों के कारण आयात की जाने वाली एलएनजी की मात्रा सामान्य स्तर से बहुत कम हो गई है, भले ही कुछ शिपमेंट अस्थायी व्यवस्थाओं के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे हों।